भगवद्गीता 12.10

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

अभ्यासेऽप्यसमर्थोऽसि मत्कर्मपरमो भव ।
मदर्थमपि कर्माणि कुर्वन्सिद्धिमवाप्स्यसि ॥१०॥

abhyāse 'py asamartho 'si
mat-karma-paramo bhava
mad-artham api karmāṇi
kurvan siddhim avāpsyasi

शब्दार्थ

अभ्यासे
अभ्यास में
अपि
भी
असमर्थः
असमर्थ
असि
तुम हो
मत्-कर्म
मेरा कार्य
परमः
सर्वोच्च
भव
बन जाओ
मत्-अर्थम्
मेरे लिए
अपि
यद्यपि
कर्माणि
कार्य
कुर्वन्
करते हुए
सिद्धिम्
पूर्णता
अवाप्स्यसि
प्राप्त करोगे

अनुवाद

यदि तुम भक्तियोग के विधानों का अभ्यास नहीं कर सकते, तो केवल मेरे लिए कार्य करने का प्रयत्न करो, क्योंकि मेरे लिए कार्य करते हुए तुम पूर्ण अवस्था को प्राप्त होगे।

गीता में परिभाषित

योग

योग क्या है?

हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।

भगवद्गीता 2.48

परिभाषा देखें

तात्पर्य

जो आध्यात्मिक गुरु के मार्गदर्शन में भक्तियोग के नियमित सिद्धान्तों का अभ्यास भी नहीं कर सकता, वह फिर भी परमेश्वर के लिए कार्य करके इस पूर्ण अवस्था की ओर आकृष्ट किया जा सकता है। इस कार्य को किस प्रकार करना है, यह एकादश अध्याय के पचपनवें श्लोक में पहले ही समझाया जा चुका है। मनुष्य को कृष्णभावनामृत के प्रसार के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए। ऐसे अनेक भक्त हैं जो कृष्णभावनामृत के प्रसार में संलग्न हैं, और उन्हें सहायता की आवश्यकता है। अतः यदि कोई प्रत्यक्ष रूप से भक्तियोग के नियमित सिद्धान्तों का अभ्यास नहीं कर सकता, तो भी वह ऐसे कार्य में सहायता करने का प्रयत्न कर सकता है। प्रत्येक प्रयास के लिए भूमि, पूँजी, संगठन एवं श्रम की आवश्यकता होती है। जैसे व्यवसाय में मनुष्य को रहने हेतु स्थान, उपयोग हेतु कुछ पूँजी, कुछ श्रम तथा विस्तार हेतु कुछ संगठन की आवश्यकता होती है, वैसे ही श्रीकृष्ण की सेवा में भी इसकी आवश्यकता है। अन्तर केवल इतना है कि भौतिकवाद में मनुष्य इन्द्रियतृप्ति के लिए कार्य करता है। तथापि वही कार्य श्रीकृष्ण की तुष्टि के लिए सम्पन्न किया जा सकता है, और वही आध्यात्मिक क्रिया है। यदि किसी के पास पर्याप्त धन है, तो वह कृष्णभावनामृत के प्रसार हेतु कार्यालय अथवा मन्दिर के निर्माण में सहायता कर सकता है। अथवा वह प्रकाशनों में सहायता कर सकता है। क्रियाकलाप के विविध क्षेत्र हैं, और मनुष्य को ऐसी क्रियाओं में रुचि लेनी चाहिए। यदि कोई ऐसी क्रियाओं के फल का त्याग नहीं कर सकता, तो वही व्यक्ति कृष्णभावनामृत के प्रसार हेतु कुछ अंश का त्याग कर सकता है। कृष्णभावनामृत के कार्य हेतु यह स्वैच्छिक सेवा किसी को ईश्वर के प्रेम की उच्चतर अवस्था तक उठने में सहायता करेगी, जिससे वह पूर्ण बन जाता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कृष्ण के लिए कर्म करो

यह श्लोक एक सीढ़ी में 1
साधना की सीढ़ियाँ भगवद्गीता 12.8–12
  1. अपना मन मुझमें 12.8
  2. भक्तियोग के नियमित सिद्धान्तों का अनुसरण करो 12.9
  3. मेरे लिए कार्य करने का प्रयत्न करो 12.10
  4. अपने कार्य के समस्त फलों का त्याग 12.11
  5. ज्ञान के अनुशीलन 12.12

गीता की सभी सीढ़ियाँ

विषय-संकलनों में 1

सम्पूर्ण गीता में भक्ति

  • कृष्ण शुद्ध भक्ति की संस्तुति करते हैं, फिर भी सबको समाहित करने के लिए भक्ति के सरल रूप प्रस्तुत करते हैं। (12.8-12 मय्येव मन आधत्स्व...)

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।