भगवद्गीता 15.10

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

उत्क्रामन्तं स्थितं वापि भुञ्जानं वा गुणान्वितम् ।
विमूढा नानुपश्यन्ति पश्यन्ति ज्ञानचक्षुषः ॥१०॥

utkrāmantaṁ sthitaṁ vāpi
bhuñjānaṁ vā guṇānvitam
vimūḍhā nānupaśyanti
paśyanti jñāna-cakṣuṣaḥ

शब्दार्थ

उत्क्रामन्तम्
शरीर छोड़ते हुए
स्थितम्
शरीर में स्थित
वापि
अथवा
भुञ्जानम्
भोगते हुए
वा
अथवा
गुण-अन्वितम्
भौतिक प्रकृति के गुणों के वश में
विमूढाः
मूर्ख व्यक्ति
न
कभी नहीं
अनुपश्यन्ति
देख सकते हैं
पश्यन्ति
देख सकते हैं
ज्ञान-चक्षुषः
जिसके पास ज्ञान के नेत्र हैं

अनुवाद

मूर्ख यह नहीं समझ सकते कि जीव अपने शरीर को किस प्रकार छोड़ता है, और न ही वे यह समझ सकते हैं कि वह प्रकृति के गुणों के वश में किस प्रकार के शरीर का भोग करता है। किन्तु जिसके नेत्र ज्ञान में प्रशिक्षित हैं, वह यह सब देख सकता है।

गीता में परिभाषित

तीन गुण

तीनों गुणों से परे कौन है?

श्रीभगवान् ने कहा: जो व्यक्ति प्रकाश, आसक्ति तथा मोह के उपस्थित होने पर उनसे घृणा नहीं करता, न ही उनके अन्तर्धान होने पर उनकी लालसा करता है; जो उदासीन के समान बैठा रहता है, प्रकृति के गुणों की इन भौतिक प्रतिक्रियाओं से परे स्थित रहता है, जो यह जानकर कि केवल गुण ही सक्रिय हैं, दृढ़ बना रहता है; जो सुख और दुःख को समान दृष्टि से देखता है, तथा मिट्टी के ढेले, पत्थर और स्वर्ण के टुकड़े को समान दृष्टि से देखता है; जो बुद्धिमान है और प्रशंसा तथा निन्दा को समान मानता है; जो मान और अपमान में अविचलित रहता है, जो मित्र और शत्रु के साथ समान व्यवहार करता है, जिसने समस्त सकाम उद्यमों का त्याग कर दिया है — ऐसा व्यक्ति प्रकृति के गुणों को पार कर चुका कहा जाता है।

भगवद्गीता 14.22–25

परिभाषा देखें

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

तात्पर्य

ज्ञान-चक्षुषः शब्द अत्यन्त सार्थक है। ज्ञान के बिना मनुष्य यह नहीं समझ सकता कि जीव अपने वर्तमान शरीर को किस प्रकार छोड़ता है, न ही यह कि वह अगले जीवन में किस रूप का शरीर ग्रहण करने जा रहा है, और न ही यह कि वह किसी विशेष प्रकार के शरीर में क्यों रह रहा है। इसके लिए भगवद्गीता तथा प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु से सुने गए समान साहित्य से प्राप्त बहुत अधिक ज्ञान आवश्यक है। जो इन सब वस्तुओं को अनुभव करने में प्रशिक्षित है, वह सौभाग्यशाली है। प्रत्येक जीव कुछ विशेष परिस्थितियों के अधीन अपना शरीर छोड़ रहा है; वह कुछ विशेष परिस्थितियों के अधीन जीवित है और भौतिक प्रकृति के वश में कुछ विशेष परिस्थितियों के अधीन भोग कर रहा है। फलस्वरूप वह विषय-भोग के मोह में विभिन्न प्रकार के सुख तथा दुःख भोगता है। जो व्यक्ति काम तथा इच्छा से सदा मूर्ख बने रहते हैं, वे अपने शरीर के परिवर्तन तथा किसी विशेष शरीर में अपने निवास को समझने की समस्त शक्ति खो देते हैं। वे इसे समझ नहीं सकते। किन्तु जिन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान का विकास किया है, वे देख सकते हैं कि आत्मा शरीर से भिन्न है और अपना शरीर बदल रही है तथा विभिन्न प्रकार से भोग कर रही है। ऐसे ज्ञान में स्थित व्यक्ति समझ सकता है कि बद्धजीव इस भौतिक अस्तित्व में किस प्रकार दुःख भोग रहा है। अतः जो कृष्णभावनामृत में अत्यधिक उन्नत हैं, वे साधारण जनों को यह ज्ञान देने का भरसक प्रयत्न करते हैं, क्योंकि उनका बद्ध जीवन अत्यन्त क्लेशकर है। उन्हें इससे बाहर निकलना चाहिए, कृष्णभावनाभावित होना चाहिए और आध्यात्मिक जगत् को स्थानान्तरित होने के लिए स्वयं को मुक्त करना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

आत्मा का देहांतरण – कौन देख सकता है और कौन नहीं?

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।