भगवद्गीता 6.39

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: अर्जुन

एतन्मे संशयं कृष्ण छेत्तुमर्हस्यशेषतः ।
त्वदन्यः संशयस्यास्य छेत्ता न ह्युपपद्यते ॥३९॥

etan me saṁśayaṁ kṛṣṇa
chettum arhasy aśeṣataḥ
tvad-anyaḥ saṁśayasyāsya
chettā na hy upapadyate

शब्दार्थ

एतत्
यह है
मे
मेरा
संशयम्
सन्देह
कृष्ण
हे श्रीकृष्ण
छेत्तुम्
दूर करने हेतु
अर्हसि
करने का अनुरोध
अशेषतः
पूर्णतः
त्वत्
आप
अन्यः
के अतिरिक्त
संशयस्य
सन्देह का
अस्य
इस
छेत्ता
दूर करने वाला
न
कभी नहीं
हि
निश्चय ही
उपपद्यते
पाया जाना

अनुवाद

हे श्रीकृष्ण! यह मेरा सन्देह है, और मैं आपसे प्रार्थना करता हूँ कि आप इसे पूर्णतः दूर करें। आपके अतिरिक्त ऐसा कोई नहीं मिलता, जो इस सन्देह का नाश कर सके।

तात्पर्य

श्रीकृष्ण भूत, वर्तमान तथा भविष्य के पूर्ण ज्ञाता हैं। भगवद्गीता के आरम्भ में भगवान् ने कहा था कि समस्त जीव भूतकाल में पृथक्-पृथक् रूप से विद्यमान थे, वे अब वर्तमान में विद्यमान हैं, और वे भविष्य में भी, भौतिक बन्धन से मुक्ति के पश्चात् भी, अपनी पृथक् पहचान बनाए रखते हैं। अतः उन्होंने व्यक्तिगत जीव के भविष्य के प्रश्न को पहले ही स्पष्ट कर दिया है। अब अर्जुन असफल योगी के भविष्य के विषय में जानना चाहते हैं। श्रीकृष्ण के समान अथवा उनसे श्रेष्ठ कोई नहीं है, और निश्चय ही वे तथाकथित महान् ऋषि तथा दार्शनिक, जो भौतिक प्रकृति की दया पर निर्भर हैं, उनकी समानता नहीं कर सकते। अतः श्रीकृष्ण का निर्णय समस्त सन्देहों का अन्तिम तथा पूर्ण उत्तर है, क्योंकि वे भूत, वर्तमान तथा भविष्य को पूर्ण रूप से जानते हैं—किन्तु उन्हें कोई नहीं जानता। श्रीकृष्ण तथा कृष्णभावनाभावित भक्त ही जान सकते हैं कि वास्तविकता क्या है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

पतित योगी की गति के विषय में अर्जुन की जिज्ञासा

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।