भगवद्गीता 11.33

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व
जित्वा शत्रून् भुङ्क्ष्व राज्यं समृद्धम् ।
मयैवैते निहताः पूर्वमेव
निमित्तमात्रं भव सव्यसाचिन् ॥३३॥

tasmāt tvam uttiṣṭha yaśo labhasva
jitvā śatrūn bhuṅkṣva rājyaṁ samṛddham
mayaivaite nihatāḥ pūrvam eva
nimitta-mātraṁ bhava savya-sācin

शब्दार्थ

tasmāt
अतः
tvām
तुम
uttiṣṭha
उठो
yaśaḥ
यश
labhasva
प्राप्त करो
jitvā
जीतकर
śatrūn
शत्रुओं को
bhuṅkṣva
भोग करो
rājyam
राज्य
samṛddham
समृद्ध
mayā
मेरे द्वारा
eva
निश्चय ही
ete
ये सब
nihatāḥ
पहले से मारे गए
pūrvam eva
पूर्व व्यवस्था से ही
nimitta-mātram
केवल निमित्त बनो
bhava
बनो
savyasācin
हे सव्यसाची

अनुवाद

अतः उठो और युद्ध हेतु तत्पर हो जाओ। अपने शत्रुओं को जीतकर तुम समृद्ध राज्य का भोग करोगे। ये मेरी व्यवस्था से पहले ही मारे जा चुके हैं, और हे सव्यसाची, तुम इस युद्ध में केवल निमित्त बन सकते हो।

तात्पर्य

सव्यसाची उसे कहते हैं जो युद्धभूमि में अत्यन्त निपुणता से बाण चला सके; इस प्रकार अर्जुन को एक ऐसे कुशल योद्धा के रूप में सम्बोधित किया गया है जो अपने शत्रुओं का वध करने हेतु बाण चलाने में समर्थ है। "केवल निमित्त बनो": nimitta-mātram। यह शब्द भी अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। समूचा संसार पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की योजना के अनुसार गतिमान है। पर्याप्त ज्ञान से रहित मूर्ख व्यक्ति यह सोचते हैं कि प्रकृति बिना किसी योजना के चल रही है और समस्त प्राकट्य मात्र आकस्मिक रचनाएँ हैं। ऐसे अनेक तथाकथित वैज्ञानिक हैं जो सुझाते हैं कि सम्भवतः यह ऐसा था, अथवा शायद वैसा था, किन्तु "सम्भवतः" तथा "शायद" का कोई प्रश्न ही नहीं उठता। इस भौतिक जगत् में एक विशिष्ट योजना क्रियान्वित हो रही है। यह योजना क्या है? यह विश्व-प्रकटीकरण बद्धजीवों के लिए भगवद्धाम लौटने, अपने घर लौटने का एक अवसर है। जब तक उनमें वह प्रभुत्व की मनोवृत्ति रहती है जो उन्हें भौतिक प्रकृति पर शासन करने का प्रयास कराती है, तब तक वे बद्ध रहते हैं। किन्तु जो कोई परमेश्वर की योजना को समझ सके तथा कृष्णभावनामृत का अनुशीलन करे, वह सर्वाधिक बुद्धिमान् है। विश्व-प्रकटीकरण की सृष्टि तथा संहार ईश्वर के परम मार्गदर्शन में होते हैं। इस प्रकार कुरुक्षेत्र का युद्ध ईश्वर की योजना के अनुसार लड़ा गया। अर्जुन युद्ध करने से इनकार कर रहा था, किन्तु उससे कहा गया कि उसे युद्ध करना चाहिए और साथ ही परमेश्वर की इच्छा करनी चाहिए। तब वह सुखी होगा। यदि कोई पूर्ण कृष्णभावनामृत में हो और यदि उसका जीवन उनकी दिव्य सेवा को समर्पित हो, तो वह पूर्ण है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

इस श्लोक का अध्ययन-नोट संपादकीय समीक्षा में है।

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।