भगवद्गीता 14.19

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

नान्यं गुणेभ्यः कर्तारं यदा द्रष्टानुपश्यति ।
गुणेभ्यश्च परं वेत्ति मद्भावं सोऽधिगच्छति ॥१९॥

nānyaṁ guṇebhyaḥ kartāraṁ
yadā draṣṭānupaśyati
guṇebhyaś ca paraṁ vetti
mad-bhāvaṁ so 'dhigacchati

शब्दार्थ

na
कभी नहीं
anyam
से भिन्न
guṇebhyaḥ
गुणों से
kartāram
कर्ता
yadā
जब
draṣṭā anupaśyati
जो भली-भाँति देखता है
guṇebhyaḥ ca
प्रकृति के गुणों से
param
दिव्य
vetti
जानता है
mat-bhāvam
मेरी आध्यात्मिक प्रकृति
saḥ
वह
adhigacchati
उन्नत होता है

अनुवाद

जब तुम यह देख लेते हो कि समस्त कर्मों में इन प्रकृति के गुणों से परे और कुछ नहीं है तथा परमेश्वर इन समस्त गुणों के प्रति दिव्य हैं, तब तुम मेरी आध्यात्मिक प्रकृति को जान सकते हो।

गीता में परिभाषित

तीन गुण

तीनों गुणों से परे कौन है?

श्रीभगवान् ने कहा: जो व्यक्ति प्रकाश, आसक्ति तथा मोह के उपस्थित होने पर उनसे घृणा नहीं करता, न ही उनके अन्तर्धान होने पर उनकी लालसा करता है; जो उदासीन के समान बैठा रहता है, प्रकृति के गुणों की इन भौतिक प्रतिक्रियाओं से परे स्थित रहता है, जो यह जानकर कि केवल गुण ही सक्रिय हैं, दृढ़ बना रहता है; जो सुख और दुःख को समान दृष्टि से देखता है, तथा मिट्टी के ढेले, पत्थर और स्वर्ण के टुकड़े को समान दृष्टि से देखता है; जो बुद्धिमान है और प्रशंसा तथा निन्दा को समान मानता है; जो मान और अपमान में अविचलित रहता है, जो मित्र और शत्रु के साथ समान व्यवहार करता है, जिसने समस्त सकाम उद्यमों का त्याग कर दिया है — ऐसा व्यक्ति प्रकृति के गुणों को पार कर चुका कहा जाता है।

भगवद्गीता 14.22–25

परिभाषा देखें

तात्पर्य

उपयुक्त आत्माओं से सीखकर भौतिक प्रकृति के गुणों के समस्त कर्मों को भली-भाँति समझ लेने मात्र से ही मनुष्य उनसे परे जा सकता है। वास्तविक आध्यात्मिक गुरु श्रीकृष्ण हैं, और वे अर्जुन को यह आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान कर रहे हैं। इसी प्रकार, प्रकृति के गुणों के सन्दर्भ में कर्मों के इस विज्ञान को उन्हीं व्यक्तियों से सीखना होता है जो पूर्णतः कृष्णभावनामृत में स्थित हैं। अन्यथा मनुष्य का जीवन दिशाहीन हो जाएगा। प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु के निर्देश से जीव अपनी आध्यात्मिक स्थिति, अपने भौतिक शरीर, अपनी इन्द्रियों, अपने बँधने की रीति, तथा भौतिक प्रकृति के गुणों के वशीभूत होने की रीति को जान सकता है। इन गुणों की पकड़ में रहता हुआ वह असहाय है, किन्तु जब वह अपनी वास्तविक स्थिति को देख लेता है, तब वह आध्यात्मिक जीवन का अवसर पाकर दिव्य स्तर तक पहुँच सकता है। वस्तुतः जीव विभिन्न कर्मों का कर्ता नहीं है। उसे कर्म करने के लिए विवश किया जाता है, क्योंकि वह एक विशेष प्रकार के शरीर में स्थित है, जो भौतिक प्रकृति के किसी विशेष गुण द्वारा संचालित होता है। जब तक मनुष्य को आध्यात्मिक अधिकारी की सहायता प्राप्त न हो, तब तक वह यह नहीं समझ सकता कि वह वास्तव में किस स्थिति में स्थित है। प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की संगति से वह अपनी वास्तविक स्थिति देख सकता है, और ऐसी समझ से वह पूर्ण कृष्णभावनामृत में दृढ़ हो सकता है। कृष्णभावनामृत में स्थित मनुष्य भौतिक प्रकृति के गुणों के वशीभूत नहीं होता। सातवें अध्याय में पहले ही कहा जा चुका है कि जिसने श्रीकृष्ण की शरण ले ली है, वह भौतिक प्रकृति के कर्मों से मुक्त हो जाता है। अतएव जो वस्तुओं को उनके यथार्थ रूप में देखने में समर्थ है, उसके लिए भौतिक प्रकृति का प्रभाव क्रमशः समाप्त हो जाता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

गुणों को कर्ता और भगवान् को दिव्य देखना

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।