भगवद्गीता 15.14

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

अहं वैश्वानरो भूत्वा प्राणिनां देहमाश्रितः ।
प्राणापानसमायुक्तः पचाम्यन्नं चतुर्विधम् ॥१४॥

ahaṁ vaiśvānaro bhūtvā
prāṇināṁ deham āśritaḥ
prāṇāpāna-samāyuktaḥ
pacāmy annaṁ catur-vidham

शब्दार्थ

अहम्
मैं
वैश्वानरः
पाचक अग्नि के रूप में अपने पूर्णांश से
भूत्वा
बनकर
प्राणिनाम्
समस्त जीवों के
देहम्
शरीर में
आश्रितः
स्थित
प्राण
बहिर्गामी वायु
अपान
अधोगामी वायु
समायुक्तः
सन्तुलन रखते हुए
पचामि
पचाता हूँ
अन्नम्
भोजन
चतुः-विधम्
चार प्रकार का

अनुवाद

मैं प्रत्येक जीवित शरीर में पाचन की अग्नि हूँ, और मैं प्राण-वायु हूँ, बहिर्गामी तथा अन्तर्गामी, जिसके द्वारा मैं चार प्रकार के भोजन को पचाता हूँ।

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: वेदान्त-सूत्र

आयुर्वेदिक शास्त्र के अनुसार हम समझते हैं कि उदर में एक अग्नि है, जो वहाँ भेजे गए समस्त भोजन को पचाती है। जब अग्नि प्रज्वलित नहीं होती, तब भूख नहीं लगती, और जब अग्नि ठीक रहती है, तब हमें भूख लगती है। कभी जब अग्नि भली-भाँति नहीं जलती, तब उपचार की आवश्यकता होती है। किसी भी दशा में, यह अग्नि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की प्रतिनिधि है। वैदिक मन्त्र भी इसकी पुष्टि करते हैं कि परमेश्वर अथवा ब्रह्म उदर के भीतर अग्नि के रूप में स्थित हैं और समस्त प्रकार के भोजन को पचा रहे हैं। अतः चूँकि वे समस्त प्रकार के भोजन के पाचन में सहायता कर रहे हैं, अतः जीव भोजन की प्रक्रिया में स्वतन्त्र नहीं है। जब तक परमेश्वर पाचन में उसकी सहायता न करें, तब तक भोजन की कोई सम्भावना नहीं। इस प्रकार वे भोजन का उत्पादन तथा पाचन करते हैं, और उनकी कृपा से हम जीवन का भोग कर रहे हैं। वेदान्त-सूत्र में भी इसकी पुष्टि होती है : शब्दादिभ्योऽन्तः प्रतिष्ठानाच्च। भगवान् ध्वनि के भीतर तथा शरीर के भीतर, वायु के भीतर तथा यहाँ तक कि उदर के भीतर पाचक शक्ति के रूप में स्थित हैं। चार प्रकार के भोजन होते हैं : कुछ निगले जाते हैं, कुछ चबाए जाते हैं, कुछ चाटे जाते हैं, और कुछ चूसे जाते हैं, और वे ही इन सबकी पाचक शक्ति हैं।

यह श्लोक क्या सिखाता है

व्यक्तिगत स्तर पर कृष्ण हमारे पालक हैं – जठराग्नि के रूप में और हृदय में परमात्मा के रूप में

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।