भगवद्गीता 16.10

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

काममाश्रित्य दुष्पूरं दम्भमानमदान्विताः ।
मोहाद्गृहीत्वासद्ग्राहान्प्रवर्तन्तेऽशुचिव्रताः ॥१०॥

kāmam āśritya duṣpūraṁ
dambha-māna-madānvitāḥ
mohād gṛhītvāsad-grāhān
pravartante 'śuci-vratāḥ

शब्दार्थ

कामम्
काम
आश्रित्य
शरण लेकर
दुष्पूरम्
अतृप्य
दम्भ
घमण्ड
मान
मिथ्या प्रतिष्ठा
मद-अन्विताः
दर्प में लीन
मोहात्
मोह के कारण
गृहीत्वा
ग्रहण करके
असत्
अनित्य
ग्राहान्
वस्तुओं को
प्रवर्तन्ते
फलते-फूलते हैं
अशुचि
अशुद्ध
व्रताः
व्रती

अनुवाद

आसुरी जन, अतृप्य काम, घमण्ड तथा मिथ्या प्रतिष्ठा की शरण लेकर, और इस प्रकार मोहग्रस्त होकर, अनित्य की ओर आकृष्ट हुए, सदा अशुद्ध कर्म के व्रती रहते हैं।

गीता में परिभाषित

दैवी और आसुरी

दैवी और आसुरी स्वभाव क्या हैं?

श्रीभगवान् ने कहा : निर्भयता, अपने अस्तित्व का शुद्धिकरण, आध्यात्मिक ज्ञान का अनुशीलन, दान, आत्मसंयम, यज्ञ का सम्पादन, वेदों का अध्ययन, तपस्या तथा सरलता; अहिंसा, सत्यता, क्रोध से मुक्ति; त्याग, शान्ति, दोष-दर्शन से विमुखता, करुणा तथा लोभ से मुक्ति; मृदुता, विनम्रता तथा अटल संकल्प; ओज, क्षमा, धैर्य, शुचिता, ईर्ष्या से मुक्ति तथा मान की लालसा का अभाव—हे भरतपुत्र! ये दिव्य गुण दैवी प्रकृति से सम्पन्न देवतुल्य मनुष्यों में होते हैं।

भगवद्गीता 16.1–3

परिभाषा देखें

शरणागति

कौन श्रीकृष्ण की शरण लेता है, और कौन नहीं?

हे भरतवंशियों में श्रेष्ठ [अर्जुन], चार प्रकार के पुण्यात्मा मनुष्य मेरी भक्ति करते हैं—आर्त, धन का इच्छुक, जिज्ञासु, तथा वह जो परम सत्य का ज्ञान खोज रहा है।

भगवद्गीता 7.16

परिभाषा देखें

तात्पर्य

आसुरी मनोवृत्ति का यहाँ वर्णन है। असुरों का काम कभी तृप्त नहीं होता। वे भौतिक भोग की अपनी अतृप्य इच्छाओं को निरन्तर बढ़ाते जाएँगे। यद्यपि अनित्य वस्तुओं को स्वीकार करने के कारण वे सदा चिन्ताओं से पूर्ण रहते हैं, फिर भी वे मोह के कारण ऐसे कर्मों में संलग्न रहते हैं। उनमें कोई ज्ञान नहीं है और वे यह नहीं बता सकते कि वे ग़लत मार्ग की ओर बढ़ रहे हैं। अनित्य वस्तुओं को स्वीकार करके, ऐसे आसुरी जन अपना ईश्वर गढ़ लेते हैं, अपने स्तोत्र गढ़ लेते हैं और तदनुसार जप करते हैं। परिणाम यह होता है कि वे दो वस्तुओं की ओर अधिकाधिक आकृष्ट हो जाते हैं—यौन-भोग तथा भौतिक धन का संचय। इस सन्दर्भ में अशुचि-व्रताः अर्थात् अशुद्ध व्रत शब्द अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। ऐसे आसुरी जन केवल मद्य, स्त्री, द्यूत तथा मांस-भक्षण की ओर आकृष्ट रहते हैं; ये ही उनके अशुचि अर्थात् अशुद्ध आचरण हैं। घमण्ड तथा मिथ्या प्रतिष्ठा से प्रेरित होकर, वे धर्म के कुछ सिद्धान्त गढ़ लेते हैं जो वैदिक विधानों द्वारा अनुमोदित नहीं हैं। यद्यपि ऐसे आसुरी जन संसार में सर्वाधिक निन्द्य हैं, फिर भी कृत्रिम साधनों से संसार उनके लिए एक मिथ्या मान सृजित कर देता है। यद्यपि वे नरक की ओर फिसल रहे हैं, फिर भी वे स्वयं को अत्यन्त उन्नत मानते हैं।

यह श्लोक क्या सिखाता है

इस श्लोक का अध्ययन-नोट संपादकीय समीक्षा में है।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।