भगवद्गीता 16.5

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

दैवी सम्पद्विमोक्षाय निबन्धायासुरी मता ।
मा शुचः सम्पदं दैवीमभिजातोऽसि पाण्डव ॥५॥

daivī sampad vimokṣāya
nibandhāyāsurī matā
mā śucaḥ sampadaṁ daivīm
abhijāto 'si pāṇḍava

शब्दार्थ

दैवी
दिव्य
सम्पत्
प्रकृति
विमोक्षाय
मोक्ष के लिए
निबन्धाय
बन्धन के लिए
आसुरी
आसुरी गुण
मता
मानी जाती है
मा
मत
शुचः
चिन्ता करो
सम्पदम्
प्रकृति
दैवीम्
दिव्य
अभिजातः
जन्मे हुए
असि
तुम हो
पाण्डव
हे पाण्डुपुत्र

अनुवाद

दिव्य गुण मोक्ष के लिए अनुकूल हैं, जबकि आसुरी गुण बन्धन का कारण बनते हैं। हे पाण्डुपुत्र! चिन्ता मत करो, क्योंकि तुम दिव्य गुणों के साथ जन्मे हो।

गीता में परिभाषित

दैवी और आसुरी

दैवी और आसुरी स्वभाव क्या हैं?

श्रीभगवान् ने कहा : निर्भयता, अपने अस्तित्व का शुद्धिकरण, आध्यात्मिक ज्ञान का अनुशीलन, दान, आत्मसंयम, यज्ञ का सम्पादन, वेदों का अध्ययन, तपस्या तथा सरलता; अहिंसा, सत्यता, क्रोध से मुक्ति; त्याग, शान्ति, दोष-दर्शन से विमुखता, करुणा तथा लोभ से मुक्ति; मृदुता, विनम्रता तथा अटल संकल्प; ओज, क्षमा, धैर्य, शुचिता, ईर्ष्या से मुक्ति तथा मान की लालसा का अभाव—हे भरतपुत्र! ये दिव्य गुण दैवी प्रकृति से सम्पन्न देवतुल्य मनुष्यों में होते हैं।

भगवद्गीता 16.1–3

परिभाषा देखें

तात्पर्य

भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन को यह कहकर प्रोत्साहित किया कि वह आसुरी गुणों के साथ जन्मा नहीं है। उसका युद्ध में सम्मिलित होना आसुरी नहीं था, क्योंकि वह पक्ष-विपक्ष पर विचार कर रहा था। वह विचार कर रहा था कि भीष्म तथा द्रोण जैसे सम्माननीय व्यक्तियों का वध किया जाना चाहिए या नहीं, अतः वह क्रोध, मिथ्या प्रतिष्ठा अथवा कठोरता के प्रभाव में कर्म नहीं कर रहा था। अतएव वह असुरों के गुण का नहीं था। क्षत्रिय अर्थात् सैनिक के लिए शत्रु पर बाण चलाना दिव्य माना जाता है, और ऐसे कर्तव्य से विरत होना आसुरी है। इसलिए अर्जुन के लिए शोक का कोई कारण नहीं था। जो कोई जीवन के विभिन्न आश्रमों के नियमित सिद्धान्तों का पालन करता है, वह दिव्य रूप से स्थित होता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

दैवी और आसुरी लोगों की नियति

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 4

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।