भगवद्गीता 3.19

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

तस्मादसक्तः सततं कार्यं कर्म समाचर ।
असक्तो ह्याचरन्कर्म परमाप्नोति पूरुषः ॥१९॥

tasmād asaktaḥ satataṁ
kāryaṁ karma samācara
asakto hy ācaran karma
param āpnoti pūruṣaḥ

शब्दार्थ

तस्मात्
इसलिए
असक्तः
आसक्ति रहित
सततम्
निरन्तर
कार्यम्
कर्तव्य रूप में
कर्म
कर्म
समाचर
सम्पन्न करो
असक्तः
अनासक्ति
हि
निश्चय ही
आचरन्
करते हुए
कर्म
कर्म
परम्
परमेश्वर
आप्नोति
प्राप्त करता है
पूरुषः
मनुष्य

अनुवाद

अतएव कर्मों के फलों के प्रति आसक्त हुए बिना मनुष्य को कर्तव्य समझकर कर्म करना चाहिए; क्योंकि आसक्ति रहित होकर कर्म करते हुए वह परमेश्वर को प्राप्त करता है।

तात्पर्य

भक्तों के लिए परमेश्वर भगवान् का स्वरूप हैं, और निर्विशेषवादियों के लिए मुक्ति। अतः जो व्यक्ति समुचित मार्गदर्शन में तथा कर्मफल के प्रति आसक्ति बिना श्रीकृष्ण के लिए अथवा कृष्णभावनामृत में कर्म करता है, वह निश्चय ही जीवन के परम लक्ष्य की ओर प्रगति कर रहा है। अर्जुन को बताया गया कि उसे श्रीकृष्ण के हित हेतु कुरुक्षेत्र के संग्राम में युद्ध करना चाहिए, क्योंकि श्रीकृष्ण चाहते थे कि वह युद्ध करे। भला मनुष्य अथवा अहिंसक मनुष्य होना एक व्यक्तिगत आसक्ति है, किन्तु परमेश्वर की ओर से कर्म करना फल के प्रति आसक्ति बिना कर्म करना है। यही उच्चतम कोटि का पूर्ण कर्म है, जिसकी अनुशंसा साक्षात् पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण करते हैं। विहित यज्ञों जैसे वैदिक कर्मकाण्ड इन्द्रियतृप्ति के क्षेत्र में किए गए पापकर्मों की शुद्धि हेतु सम्पन्न किए जाते हैं। किन्तु कृष्णभावनामृत में कर्म शुभ या अशुभ कर्म की प्रतिक्रियाओं से दिव्य है। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति की फल के प्रति कोई आसक्ति नहीं होती, अपितु वह केवल श्रीकृष्ण की ओर से कर्म करता है। वह सब प्रकार के कर्मों में संलग्न रहता है, फिर भी पूर्णतः अनासक्त रहता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

आत्म-साक्षात्कारी व्यक्ति को कर्म करने की आवश्यकता नहीं, फिर भी वह अनासक्त भाव से कर्तव्य मानकर कर्म करता है

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 3

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।