भगवद्गीता 4.2

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

एवं परम्पराप्राप्तमिमं राजर्षयो विदुः ।
स कालेनेह महता योगो नष्टः परन्तप ॥२॥

evaṁ paramparā-prāptam
imaṁ rājarṣayo viduḥ
sa kāleneha mahatā
yogo naṣṭaḥ parantapa

शब्दार्थ

एवम्
इस प्रकार
परम्परा
गुरु-परम्परा से
प्राप्तम्
प्राप्त
इमम्
यह विज्ञान
राजर्षयः
साधु-स्वभाव राजाओं ने
विदुः
समझा
सः
वह ज्ञान
कालेन
समय के क्रम में
इह
इस संसार में
महता
महान्
योगः
परमेश्वर से अपने सम्बन्ध का विज्ञान
नष्टः
विछिन्न
परन्तप
हे अर्जुन, शत्रुओं का दमन करने वाले

अनुवाद

इस प्रकार यह परम विज्ञान गुरु-परम्परा की श्रृंखला से प्राप्त हुआ, और साधु-स्वभाव राजाओं ने इसे उसी रीति से समझा। किन्तु समय के क्रम में यह परम्परा विछिन्न हो गई, अतः यह विज्ञान अपने यथारूप में लुप्त-सा प्रतीत होता है।

गीता में परिभाषित

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

साधु

किसे साधु मानना चाहिए?

यदि कोई अत्यन्त निन्दनीय कर्म भी करे, किन्तु यदि वह भक्ति में संलग्न है, तो उसे साधु मानना चाहिए, क्योंकि वह उचित रूप से स्थित है।

भगवद्गीता 9.30

परिभाषा देखें

तात्पर्य

स्पष्ट रूप से कहा गया है कि गीता विशेष रूप से साधु-स्वभाव राजाओं के निमित्त थी, क्योंकि उन्हें नागरिकों पर शासन करते हुए इसका प्रयोजन सिद्ध करना था। निश्चय ही भगवद्गीता कभी असुर-स्वभाव व्यक्तियों के निमित्त नहीं थी, जो किसी के लाभ के बिना इसके मूल्य को नष्ट कर देते और निजी मनमानी के अनुसार सब प्रकार की व्याख्याएँ गढ़ लेते। ज्योंही अनैतिक टीकाकारों के स्वार्थों द्वारा मूल प्रयोजन विछिन्न हुआ, त्योंही गुरु-परम्परा को पुनः स्थापित करने की आवश्यकता उत्पन्न हुई। पाँच हज़ार वर्ष पूर्व स्वयं भगवान् ने यह जान लिया कि गुरु-परम्परा विछिन्न हो चुकी है, अतः उन्होंने घोषित किया कि गीता का प्रयोजन लुप्त-सा प्रतीत होता है। इसी प्रकार, वर्तमान समय में भी गीता के अनेक संस्करण हैं (विशेषतः अंग्रेज़ी में), किन्तु उनमें से प्रायः सभी अधिकृत गुरु-परम्परा के अनुसार नहीं हैं। भिन्न-भिन्न सांसारिक विद्वानों द्वारा की गई असंख्य व्याख्याएँ हैं, किन्तु उनमें से प्रायः सभी पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण को स्वीकार नहीं करतीं, यद्यपि वे श्रीकृष्ण के शब्दों पर अच्छा व्यापार करते हैं। यह वृत्ति आसुरी है, क्योंकि असुर ईश्वर में विश्वास नहीं करते, अपितु केवल परमेश्वर की सम्पत्ति का भोग करते हैं। चूँकि परम्परा (गुरु-परम्परा) पद्धति से प्राप्त गीता के अंग्रेज़ी संस्करण की महती आवश्यकता है, अतः यहाँ इस महान् अभाव की पूर्ति का प्रयत्न किया गया है। भगवद्गीता—यथारूप में स्वीकृत—मानवता के लिए महान् वरदान है; किन्तु यदि इसे दार्शनिक कल्पनाओं का ग्रन्थ मानकर स्वीकार किया जाए, तो यह मात्र समय का अपव्यय है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

राजर्षियों ने इस विज्ञान को गुरु-शिष्य परम्परा में समझा (कृष्ण → सूर्यदेव → मनु → इक्ष्वाकु), किंतु वह परम्परा टूट गई। कृष्ण इसे अपने भक्त और सखा अर्जुन को समझाते हैं।

विषय-संकलनों में 1

ज्ञान कैसे प्राप्त करें

  • आध्यात्मिक ज्ञान परम्परा, अर्थात् प्रामाणिक गुरु-शिष्य परम्परा द्वारा प्राप्त होता है (4.1-4.2 इमं विवस्वते योगम्...)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 4

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।