वक्ता: श्रीकृष्ण
द्रव्ययज्ञास्तपोयज्ञा योगयज्ञास्तथापरे ।
स्वाध्यायज्ञानयज्ञाश्च यतयः संशितव्रताः ॥२८॥
dravya-yajñās tapo-yajñā
yoga-yajñās tathāpare
svādhyāya-jñāna-yajñāś ca
yatayaḥ saṁśita-vratāḥ
शब्दार्थ
- द्रव्य-यज्ञाः
- अपनी सम्पत्ति का यज्ञ करना
- तपो-यज्ञाः
- तपस्या में यज्ञ
- योग-यज्ञाः
- अष्टांग योग में यज्ञ
- तथा
- इस प्रकार
- अपरे
- अन्य
- स्वाध्याय
- वेदों के अध्ययन में यज्ञ
- ज्ञान-यज्ञाः
- दिव्य ज्ञान की उन्नति में यज्ञ
- च
- भी
- यतयः
- प्रबुद्ध
- संशित
- कठोर ग्रहण किए हुए
- व्रताः
- व्रत
अनुवाद
कुछ अन्य भी हैं जो, कठोर तपस्या में अपनी भौतिक सम्पत्ति का यज्ञ करके प्रबुद्ध होकर, कठोर व्रत लेते हैं और अष्टांग योग का अभ्यास करते हैं, तथा अन्य दिव्य ज्ञान की उन्नति के लिए वेदों का अध्ययन करते हैं।
गीता में परिभाषित
तपस्या
शरीर, वाणी और मन की तपस्या क्या है?
शरीर का तप इस प्रकार है: परमेश्वर, ब्राह्मणों, आध्यात्मिक गुरु तथा पिता एवं माता जैसे श्रेष्ठजनों की पूजा। पवित्रता, सरलता, ब्रह्मचर्य एवं अहिंसा भी शरीर के तप हैं।
यज्ञ
सबसे श्रेष्ठ यज्ञ कौन-सा है?
हे शत्रुदमन! भौतिक सम्पत्ति के यज्ञ की अपेक्षा ज्ञान का यज्ञ श्रेष्ठतर है। हे पृथापुत्र! आख़िरकार, कर्म का यज्ञ दिव्य ज्ञान में ही परिणत होता है।
योग
योग क्या है?
हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।
ज्ञान
ज्ञान क्या है?
विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।
तात्पर्य
इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: वेदान्त-सूत्र
इन यज्ञों को विभिन्न विभागों में रखा जा सकता है। ऐसे व्यक्ति हैं जो विभिन्न प्रकार के दान के रूप में अपनी सम्पत्ति का यज्ञ करते हैं। भारत में धनी व्यापारी समुदाय अथवा राजसी वर्ग धर्मशाला, अन्न-क्षेत्र, अतिथि-शाला, अनाथालय, विद्यापीठ आदि विभिन्न प्रकार की दानशील संस्थाएँ खोलते हैं। अन्य देशों में भी अनेक चिकित्सालय, वृद्धाश्रम और इसी प्रकार के दानशील प्रतिष्ठान हैं, जो निर्धनों को भोजन, शिक्षा और चिकित्सा निःशुल्क वितरित करने के लिए हैं। ये समस्त दानशील कार्य द्रव्यमय-यज्ञ कहलाते हैं। अन्य भी हैं जो, जीवन में उच्चतर उन्नति के लिए अथवा ब्रह्माण्ड के भीतर उच्चतर लोकों में पदोन्नति के लिए, स्वेच्छा से अनेक प्रकार की तपस्याएँ स्वीकार करते हैं, जैसे चान्द्रायण और चातुर्मास्य। ये प्रक्रियाएँ कुछ कठोर नियमों के अधीन जीवन के संचालन हेतु कठोर व्रतों को अपने में सम्मिलित करती हैं। उदाहरणार्थ, चातुर्मास्य व्रत के अन्तर्गत साधक वर्ष के चार मासों (जुलाई से अक्टूबर) तक क्षौर नहीं कराता, कुछ विशेष खाद्य पदार्थ नहीं खाता, दिन में दो बार भोजन नहीं करता और घर से बाहर नहीं जाता। जीवन के सुखों का ऐसा यज्ञ तपोमय-यज्ञ कहलाता है। अभी भी अन्य हैं जो विभिन्न प्रकार के योग-योगों में स्वयं को संलग्न करते हैं, जैसे पातञ्जल प्रणाली (परम के अस्तित्व में विलीन होने के लिए), अथवा हठयोग या अष्टांगयोग (विशेष सिद्धियों के लिए)। और कुछ समस्त पवित्र तीर्थस्थानों की यात्रा करते हैं। ये समस्त अभ्यास योग-यज्ञ कहलाते हैं, अर्थात् भौतिक जगत् में किसी विशेष प्रकार की सिद्धि के लिए यज्ञ। अन्य भी हैं जो विभिन्न वैदिक साहित्यों के अध्ययन में, विशेषकर उपनिषदों और वेदान्त-सूत्रों, अथवा सांख्य दर्शन के अध्ययन में, स्वयं को संलग्न करते हैं। ये सब स्वाध्याय-यज्ञ, अर्थात् अध्ययन के यज्ञ में संलग्नता कहलाते हैं। ये समस्त योगी विभिन्न प्रकार के यज्ञ में निष्ठापूर्वक संलग्न हैं और जीवन की उच्चतर स्थिति की खोज में हैं। तथापि, कृष्णभावनामृत इनसे भिन्न है, क्योंकि यह परमेश्वर की प्रत्यक्ष सेवा है। कृष्णभावनामृत उपर्युक्त प्रकार के किसी भी यज्ञ द्वारा प्राप्त नहीं किया जा सकता, अपितु केवल भगवान् और उनके प्रामाणिक भक्त की कृपा से ही प्राप्त किया जा सकता है। अतः कृष्णभावनामृत दिव्य है।
यह श्लोक क्या सिखाता है
विभिन्न प्रकार के यज्ञ — देवपूजा, ब्रह्म-उपासना, इंद्रियभोग, आत्मसंयम आदि
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 3
- Bhagavad-gītā 4.24–34 1966-08-10 · New York
- Bhagavad-gītā 4.26–30 1969-01-13 · Los Angeles
- Bhagavad-gītā 4.28 1974-04-17
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।