भगवद्गीता 5.4

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

साङ्ख्ययोगौ पृथग्बालाः प्रवदन्ति न पण्डिताः ।
एकमप्यास्थितः सम्यगुभयोर्विन्दते फलम् ॥४॥

sāṅkhya-yogau pṛthag bālāḥ
pravadanti na paṇḍitāḥ
ekam apy āsthitaḥ samyag
ubhayor vindate phalam

शब्दार्थ

साङ्ख्य
भौतिक जगत् का विश्लेषणात्मक अध्ययन
योगौ
भक्तिमय कर्म
पृथक्
भिन्न
बालाः
अल्पबुद्धि वाले
प्रवदन्ति
कहते हैं
न
कभी नहीं
पण्डिताः
विद्वान्
एकम्
एक में
अपि
यद्यपि
आस्थितः
स्थित होकर
सम्यक्
पूर्ण
उभयोः
दोनों का
विन्दते
भोगता है
फलम्
फल

अनुवाद

केवल अज्ञानी ही कर्मयोग तथा भक्ति को भौतिक जगत् के विश्लेषणात्मक अध्ययन (सांख्य) से भिन्न बताते हैं। जो वास्तव में विद्वान् हैं वे कहते हैं कि जो इन दोनों मार्गों में से किसी एक का भली-भाँति अनुसरण करता है, वह दोनों के फल प्राप्त कर लेता है।

गीता में परिभाषित

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

योग

योग क्या है?

हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।

भगवद्गीता 2.48

परिभाषा देखें

विद्वान

वास्तव में विद्वान कौन है?

जिसका प्रत्येक कर्म इन्द्रियतृप्ति की इच्छा से रहित होता है, वह पूर्ण ज्ञान में स्थित समझा जाता है। मनीषीगण उसे ऐसा कर्ता कहते हैं जिसका सकाम कर्म पूर्ण ज्ञान की अग्नि में जल चुका है।

भगवद्गीता 4.19

परिभाषा देखें

तात्पर्य

भौतिक जगत् के विश्लेषणात्मक अध्ययन का उद्देश्य अस्तित्व की आत्मा को ढूँढ़ना है। भौतिक जगत् की आत्मा विष्णु अर्थात् परमात्मा हैं। भगवान् की भक्ति में परमात्मा की सेवा निहित है। एक प्रक्रिया वृक्ष की जड़ को ढूँढ़ना है, और तत्पश्चात् उस जड़ को सींचना है। सांख्य-दर्शन का वास्तविक विद्यार्थी भौतिक जगत् की जड़ विष्णु को ढूँढ़ लेता है, और फिर पूर्ण ज्ञान में भगवान् की सेवा में स्वयं को संलग्न कर देता है। अतः तत्त्वतः इन दोनों में कोई भेद नहीं है, क्योंकि दोनों का लक्ष्य विष्णु ही हैं। जो परम लक्ष्य को नहीं जानते वे कहते हैं कि सांख्य तथा कर्मयोग के प्रयोजन एक नहीं हैं, किन्तु जो विद्वान् है वह इन भिन्न प्रक्रियाओं में एकीकृत लक्ष्य को जानता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कर्मयोग और संन्यास एक ही हैं

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।