भगवद्गीता 6.11–12

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

श्लोक 11 से 12 एक साथ पढ़े जाते हैं।

शुचौ देशे प्रतिष्ठाप्य स्थिरमासनमात्मनः ।
नात्युच्छ्रितं नातिनीचं चैलाजिनकुशोत्तरम् ॥११॥
तत्रैकाग्रं मनः कृत्वा यतचित्तेन्द्रियक्रियः ।
उपविश्यासने युञ्ज्याद्योगमात्मविशुद्धये ॥१२॥

śucau deśe pratiṣṭhāpya
sthiram āsanam ātmanaḥ
nāty-ucchritaṁ nāti-nīcaṁ
cailājina-kuśottaram

tatraikāgraṁ manaḥ kṛtvā
yata-cittendriya-kriyaḥ
upaviśyāsane yuñjyād
yogam ātma-viśuddhaye

शब्दार्थ

शुचौ
पवित्र
देशे
भूमि में
प्रतिष्ठाप्य
रखकर
स्थिरम्
दृढ़
आसनम्
आसन
आत्मनः
अपना
न
नहीं
अति
अत्यन्त
उच्छ्रितम्
ऊँचा
न
न ही
अति
अत्यन्त
नीचम्
नीचा
चैल-अजिन
मुलायम वस्त्र तथा मृगचर्म
कुशोत्तरम्
कुश घास
तत्र
वहाँ
एकाग्रम्
एकाग्र
मनः
मन
कृत्वा
करके
यत-चित्त
मन को वश में करते हुए
इन्द्रिय
इन्द्रियाँ
क्रियः
क्रियाएँ
उपविश्य
बैठकर
आसने
आसन पर
युञ्ज्यात्
सम्पादन करे
योगम्
योगाभ्यास
आत्म
हृदय
विशुद्धये
शुद्ध करने हेतु

अनुवाद

योग का अभ्यास करने के लिए मनुष्य को किसी एकान्त स्थान में जाना चाहिए और भूमि पर कुश-घास बिछाकर उसे मृगचर्म तथा मुलायम वस्त्र से ढक देना चाहिए। आसन न तो अत्यन्त ऊँचा हो और न ही अत्यन्त नीचा, और वह किसी पवित्र स्थान में स्थित हो। तब योगी को उस पर अत्यन्त दृढ़ता से बैठकर मन तथा इन्द्रियों को वश में करते हुए, हृदय को शुद्ध करते हुए तथा मन को एक बिन्दु पर स्थिर करते हुए योग का अभ्यास करना चाहिए।

गीता में परिभाषित

योग

योग क्या है?

हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।

भगवद्गीता 2.48

परिभाषा देखें

योगी

सच्चा योगी कौन है?

श्रीभगवान् ने कहा : जो कर्म के फलों के प्रति अनासक्त रहकर अपने विहित कर्तव्य का पालन करता है, वही संन्यासी तथा वही सच्चा योगी है—न कि वह, जो न तो अग्नि प्रज्वलित करता है और न ही कर्म करता है।

भगवद्गीता 6.1

परिभाषा देखें

तात्पर्य

"पवित्र स्थान" का तात्पर्य तीर्थस्थानों से है। भारत में योगी, साधक अथवा भक्तगण सभी घर त्यागकर प्रयाग, मथुरा, वृन्दावन, हृषीकेश तथा हरिद्वार जैसे पवित्र स्थानों में निवास करते हैं और एकान्त में वहाँ योग का अभ्यास करते हैं, जहाँ यमुना तथा गंगा जैसी पवित्र नदियाँ प्रवाहित होती हैं। किन्तु प्रायः यह सम्भव नहीं हो पाता, विशेषकर पाश्चात्य लोगों के लिए। बड़े नगरों के तथाकथित योग-समाज भौतिक लाभ अर्जित करने में सफल हो सकते हैं, किन्तु वे योग के वास्तविक अभ्यास के लिए तनिक भी उपयुक्त नहीं हैं। जो आत्मसंयमी नहीं है और जिसका मन अविचलित नहीं है, वह ध्यान का अभ्यास नहीं कर सकता। अतएव बृहन्नारदीय पुराण में कहा गया है कि कलियुग में (वर्तमान युग अथवा काल में), जब सामान्य जन अल्पायु होते हैं, आध्यात्मिक अनुभूति में मन्द होते हैं और सदा विविध चिन्ताओं से विचलित रहते हैं, तब आध्यात्मिक अनुभूति का सर्वोत्तम साधन भगवान् के पवित्र नाम का कीर्तन है।

harer nāma harer nāma harer nāmaiva kevalam

kalau nāsty eva nāsty eva nāsty eva gatir anyathā.

"इस कलह तथा पाखण्ड के युग में मुक्ति का एकमात्र साधन भगवान् के पवित्र नाम का कीर्तन है। कोई दूसरा मार्ग नहीं है। कोई दूसरा मार्ग नहीं है। कोई दूसरा मार्ग नहीं है।"

यह श्लोक क्या सिखाता है

अष्टांग योग की अभ्यास-अवस्था – मूल अभ्यास, संस्तुति और अष्टांग योग का लक्ष्य

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 3

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।