वक्ता: श्रीकृष्ण
यं संन्यासमिति प्राहुर्योगं तं विद्धि पाण्डव ।
न ह्यसंन्यस्तसङ्कल्पो योगी भवति कश्चन ॥२॥
yaṁ sannyāsam iti prāhur
yogaṁ taṁ viddhi pāṇḍava
na hy asannyasta-saṅkalpo
yogī bhavati kaścana
शब्दार्थ
- यम्
- जिसे
- सन्न्यासम्
- संन्यास
- इति
- इस प्रकार
- प्राहुः
- वे कहते हैं
- योगम्
- परम के साथ युक्त होना
- तम्
- उसे
- विद्धि
- तुम जान लो
- पाण्डव
- हे पाण्डुपुत्र
- न
- कभी नहीं
- हि
- निश्चय ही
- असन्न्यस्त
- त्याग किए बिना
- सङ्कल्पः
- आत्म-तृप्ति
- योगी
- योगी
- भवति
- बनता है
- कश्चन
- कोई भी
अनुवाद
हे पाण्डव! जिसे संन्यास कहते हैं, उसे ही तुम योग, अर्थात् अपने को परम से युक्त करना जानो, क्योंकि जब तक मनुष्य इन्द्रियतृप्ति की इच्छा का त्याग नहीं करता, तब तक वह योगी नहीं बन सकता।
गीता में परिभाषित
त्याग
वास्तविक त्याग क्या है?
श्रीभगवान् ने कहा : समस्त कर्मों के फलों का परित्याग ही विद्वानों द्वारा त्याग [त्याग] कहलाता है। और उसी अवस्था को महान् विद्वज्जन संन्यास-आश्रम [संन्यास] कहते हैं।
योग
योग क्या है?
हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।
योगी
सच्चा योगी कौन है?
श्रीभगवान् ने कहा : जो कर्म के फलों के प्रति अनासक्त रहकर अपने विहित कर्तव्य का पालन करता है, वही संन्यासी तथा वही सच्चा योगी है—न कि वह, जो न तो अग्नि प्रज्वलित करता है और न ही कर्म करता है।
तात्पर्य
वास्तविक संन्यासयोग अथवा भक्ति का अर्थ यह है कि मनुष्य जीव के रूप में अपनी स्वरूपगत स्थिति को जाने और तदनुसार कर्म करे। जीव की कोई पृथक् स्वतन्त्र पहचान नहीं है। वह परम की तटस्था शक्ति है। जब वह भौतिक शक्ति द्वारा फँस जाता है, तब वह बद्ध हो जाता है, और जब वह कृष्णभावनाभावित होता है, अर्थात् आध्यात्मिक शक्ति के प्रति सचेत होता है, तब वह अपनी वास्तविक एवं स्वाभाविक जीवन-दशा में स्थित होता है। अतः जब मनुष्य पूर्ण ज्ञान में स्थित होता है, तब वह समस्त भौतिक इन्द्रियतृप्ति का परित्याग कर देता है, अर्थात् सभी प्रकार की इन्द्रियतृप्तिमूलक क्रियाओं का त्याग कर देता है। इसी का अभ्यास वे योगी करते हैं, जो इन्द्रियों को भौतिक आसक्ति से रोकते हैं। किन्तु कृष्णभावनामृत में स्थित व्यक्ति के लिए अपनी इन्द्रियों को किसी ऐसे कार्य में लगाने का अवसर ही नहीं रहता, जो श्रीकृष्ण के प्रयोजन हेतु न हो। अतएव कृष्णभावनाभावित व्यक्ति एक साथ ही संन्यासी तथा योगी है। ज्ञान का तथा इन्द्रियों के संयम का जो प्रयोजन ज्ञान एवं योग की प्रक्रियाओं में निर्धारित है, वह कृष्णभावनामृत में स्वतः ही सिद्ध हो जाता है। यदि मनुष्य अपने स्वार्थपूर्ण स्वभाव की क्रियाओं को त्यागने में असमर्थ है, तो ज्ञान और योग व्यर्थ हैं। वास्तविक लक्ष्य यही है कि जीव समस्त स्वार्थपूर्ण तृप्ति का त्याग कर दे और परम को सन्तुष्ट करने के लिए तत्पर रहे। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति को किसी भी प्रकार के आत्म-भोग की इच्छा नहीं होती। वह सदा परम के भोग के लिए संलग्न रहता है। जिसे परम का कोई ज्ञान नहीं है, उसे अनिवार्यतः आत्म-तृप्ति में ही प्रवृत्त रहना पड़ता है, क्योंकि कोई भी निष्क्रियता की भूमि पर टिक नहीं सकता। ये समस्त प्रयोजन कृष्णभावनामृत के अभ्यास से भली-भाँति सिद्ध हो जाते हैं।
यह श्लोक क्या सिखाता है
योग और संन्यास एक ही हैं
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2
- Bhagavad-gītā 6.1–4 1966-09-02 · New York
- Bhagavad-gītā 6.2–5 [Sāṅkhya Yoga System] 1969-02-14 · Los Angeles
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।