भगवद्गीता 8.16

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

आब्रह्मभुवनाल्लोकाः पुनरावर्तिनोऽर्जुन ।
मामुपेत्य तु कौन्तेय पुनर्जन्म न विद्यते ॥१६॥

ā-brahma-bhuvanāl lokāḥ
punar āvartino ‘rjuna
mām upetya tu kaunteya
punar janma na vidyate

शब्दार्थ

आब्रह्म
ब्रह्मलोक तक
भुवनात्
लोक-समूहों से
लोकाः
लोक
पुनः
पुनः
आवर्तिनः
लौटने वाले
अर्जुन
हे अर्जुन
माम्
मुझको
उपेत्य
प्राप्त करके
तु
किन्तु
कौन्तेय
हे कुन्तीपुत्र
पुनः जन्म
पुनर्जन्म
न
कभी नहीं
विद्यते
होता है

अनुवाद

भौतिक जगत् के सर्वोच्च लोक से लेकर निम्नतम लोक तक, सभी दुःख के स्थान हैं, जहाँ बारम्बार जन्म-मृत्यु होती रहती है। किन्तु हे कुन्तीपुत्र, जो मेरे धाम को प्राप्त कर लेता है, वह पुनः कभी जन्म नहीं लेता।

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: कठ उपनिषद्

कर्म, ज्ञान, हठ आदि सभी प्रकार के योगियों को कृष्ण के दिव्य धाम में जाने तथा वहाँ से कभी न लौटने से पूर्व अन्ततः भक्तियोग, अर्थात् कृष्णभावनामृत में भक्ति की पूर्णता प्राप्त करनी ही पड़ती है। जो सर्वोच्च भौतिक लोकों अथवा देवताओं के लोकों को प्राप्त करते हैं, वे पुनः बारम्बार जन्म-मृत्यु के अधीन हो जाते हैं। जिस प्रकार पृथ्वी के व्यक्ति उच्चतर लोकों को उठाए जाते हैं, उसी प्रकार ब्रह्मलोक, चन्द्रलोक तथा इन्द्रलोक जैसे उच्चतर लोकों के निवासी पृथ्वी पर गिर पड़ते हैं। कठोपनिषद् में अनुशंसित पञ्चाग्नि-विद्या नामक यज्ञ का अभ्यास मनुष्य को ब्रह्मलोक प्राप्त करा सकता है, किन्तु यदि ब्रह्मलोक में मनुष्य कृष्णभावनामृत का अनुशीलन नहीं करता, तो उसे पृथ्वी पर लौटना ही पड़ता है। जो उच्चतर लोकों में कृष्णभावनामृत में प्रगति करते हैं, वे क्रमशः उच्चतर एवं उच्चतर लोकों तक उठाए जाते हैं और विश्व-प्रलय के समय नित्य आध्यात्मिक राज्य में स्थानान्तरित कर दिए जाते हैं। जब इस भौतिक ब्रह्माण्ड का प्रलय होता है, तब ब्रह्मा तथा उनके भक्तगण, जो निरन्तर कृष्णभावनामृत में संलग्न रहते हैं, सभी आध्यात्मिक ब्रह्माण्ड में तथा अपनी इच्छाओं के अनुसार विशिष्ट आध्यात्मिक लोकों में स्थानान्तरित कर दिए जाते हैं।

यह श्लोक क्या सिखाता है

इस श्लोक का अध्ययन-नोट संपादकीय समीक्षा में है।

विषय-संकलनों में 2

कृष्ण – पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्

  • जो कृष्ण के धाम को प्राप्त कर लेता है, वह इस दुःखमय भौतिक जगत में फिर कभी जन्म नहीं लेता। (8.16 आब्रह्मभुवनाल्लोकाः...)

मृत्यु

  • मृत्यु ब्रह्मांड में सर्वत्र व्याप्त है – उच्चतम लोक से लेकर निम्नतम लोक तक (8.16 आब्रह्मभुवनाल्लोकाः...)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1
इस श्लोक पर लेख 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।