भगवद्गीता 9.18

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

गतिर्भर्ता प्रभुः साक्षी निवासः शरणं सुहृत् ।
प्रभवः प्रलयः स्थानं निधानं बीजमव्ययम् ॥१८॥

gatir bhartā prabhuḥ sākṣī
nivāsaḥ śaraṇaṁ suhṛt
prabhavaḥ pralayaḥ sthānaṁ
nidhānaṁ bījam avyayam

शब्दार्थ

गतिः
लक्ष्य
भर्ता
पालक
प्रभुः
स्वामी
साक्षी
साक्षी
निवासः
धाम
शरणम्
शरण
सुहृत्
परम घनिष्ठ मित्र
प्रभवः
सृष्टि
प्रलयः
प्रलय
स्थानम्
आधार
निधानम्
विश्रामस्थल
बीजम्
बीज
अव्ययम्
अविनाशी

अनुवाद

मैं लक्ष्य, पालक, स्वामी, साक्षी, धाम, शरण तथा परम प्रिय मित्र हूँ। मैं सृष्टि तथा संहार, समस्त वस्तुओं का आधार, विश्रामस्थल तथा शाश्वत बीज हूँ।

गीता में परिभाषित

शरणागति

कौन श्रीकृष्ण की शरण लेता है, और कौन नहीं?

हे भरतवंशियों में श्रेष्ठ [अर्जुन], चार प्रकार के पुण्यात्मा मनुष्य मेरी भक्ति करते हैं—आर्त, धन का इच्छुक, जिज्ञासु, तथा वह जो परम सत्य का ज्ञान खोज रहा है।

भगवद्गीता 7.16

परिभाषा देखें

तात्पर्य

गति का अर्थ है वह गन्तव्य जहाँ हम जाना चाहते हैं। किन्तु परम लक्ष्य श्रीकृष्ण ही हैं, यद्यपि लोग इसे नहीं जानते। जो श्रीकृष्ण को नहीं जानता, वह भ्रमित है, और उसकी तथाकथित प्रगतिशील यात्रा या तो आंशिक है या भ्रममात्र है। ऐसे अनेक लोग हैं जो भिन्न-भिन्न देवताओं को अपना गन्तव्य बनाते हैं, और उन-उन की कठोर विधियों का दृढ़ता से पालन करके चन्द्रलोक, सूर्यलोक, इन्द्रलोक, महर्लोक आदि नामक विभिन्न लोकों को प्राप्त करते हैं। किन्तु ये समस्त लोक, श्रीकृष्ण की सृष्टि होने के कारण, एक साथ श्रीकृष्ण भी हैं और श्रीकृष्ण नहीं भी। वस्तुतः ऐसे लोक, श्रीकृष्ण की ऊर्जा के प्रकटीकरण होने के कारण, श्रीकृष्ण ही हैं, किन्तु वास्तव में वे केवल श्रीकृष्ण की अनुभूति हेतु एक सोपान का कार्य करते हैं। श्रीकृष्ण की विभिन्न ऊर्जाओं के समीप जाना श्रीकृष्ण के परोक्ष रूप से समीप जाना है। मनुष्य को सीधे श्रीकृष्ण के समीप जाना चाहिए, क्योंकि इससे समय तथा ऊर्जा की बचत होगी। उदाहरणार्थ, यदि किसी भवन की छत पर लिफ़्ट की सहायता से जाने की सम्भावना हो, तो मनुष्य सीढ़ियों से पग-पग करके क्यों जाए? सब कुछ श्रीकृष्ण की ऊर्जा पर टिका है; अतः श्रीकृष्ण की शरण के बिना कोई वस्तु अस्तित्व में नहीं रह सकती। श्रीकृष्ण परम शासक हैं, क्योंकि सब कुछ उन्हीं का है और सब कुछ उन्हीं की ऊर्जा पर अस्तित्वमान है। श्रीकृष्ण, प्रत्येक के हृदय में स्थित होने के कारण, परम साक्षी हैं। जिन निवासों, देशों या लोकों पर हम रहते हैं, वे भी श्रीकृष्ण हैं। श्रीकृष्ण शरण के परम लक्ष्य हैं, और अतएव मनुष्य को या तो रक्षा हेतु अथवा अपनी दुःखमय अवस्था के निवारण हेतु श्रीकृष्ण की शरण लेनी चाहिए। और जब भी हमें रक्षा लेनी हो, तब हमें यह जानना चाहिए कि हमारी रक्षा अवश्य ही कोई जीवन्त शक्ति होनी चाहिए। इस प्रकार श्रीकृष्ण परम जीव हैं। चूँकि श्रीकृष्ण हमारी उत्पत्ति के स्रोत, अर्थात् परम पिता हैं, अतएव श्रीकृष्ण से बढ़कर न कोई मित्र हो सकता है, न कोई श्रेष्ठतर हितैषी। श्रीकृष्ण सृष्टि के मूल स्रोत तथा संहार के पश्चात् परम विश्राम हैं। अतएव श्रीकृष्ण समस्त कारणों के शाश्वत कारण हैं।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कृष्ण की उनके विराट रूप में उपासना (विश्वरूप उपासना) – कृष्ण सर्वव्यापी, परम आश्रय और समस्त कारणों के कारण हैं

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।