भगवद्गीता 1.24

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: सञ्जय

सञ्जय उवाच ।
एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत ।
सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् ॥२४॥

sañjaya uvāca
evam ukto hṛṣīkeśo
guḍākeśena bhārata
senayor ubhayor madhye
sthāpayitvā rathottamam

शब्दार्थ

sañjayaḥ
सञ्जय
uvāca
ने कहा
evam
इस प्रकार
uktaḥ
सम्बोधित किए जाने पर
hṛṣīkeśaḥ
भगवान् श्रीकृष्ण
guḍākeśena
अर्जुन द्वारा
bhārata
हे भरतवंशी
senayoḥ
सेनाओं के
ubhayoḥ
दोनों के
madhye
मध्य में
sthāpayitvā
खड़ा करके
rathottamam
उत्तम रथ

अनुवाद

सञ्जय ने कहा: हे भरतवंशी, अर्जुन द्वारा इस प्रकार सम्बोधित किए जाने पर भगवान् श्रीकृष्ण ने उस उत्तम रथ को दोनों पक्षों की सेनाओं के मध्य खड़ा कर दिया।

तात्पर्य

इस श्लोक में अर्जुन को गुडाकेश कहा गया है। गुडाका का अर्थ है निद्रा, और जो निद्रा को जीत लेता है, उसे गुडाकेश कहते हैं। निद्रा का अर्थ अज्ञान भी है। अतः अर्जुन ने श्रीकृष्ण के साथ अपनी मित्रता के कारण निद्रा तथा अज्ञान दोनों को जीत लिया। श्रीकृष्ण के एक महान् भक्त के रूप में वह क्षण भर के लिए भी श्रीकृष्ण को विस्मृत नहीं कर सकता था, क्योंकि भक्त का यही स्वभाव होता है। जाग्रत अवस्था में हो या निद्रा में, भगवान् का भक्त श्रीकृष्ण के नाम, रूप, गुण तथा लीला का चिन्तन किए बिना कभी नहीं रह सकता। इस प्रकार श्रीकृष्ण का भक्त केवल श्रीकृष्ण का निरन्तर चिन्तन करके ही निद्रा तथा अज्ञान दोनों को जीत सकता है। इसे ही कृष्णभावनामृत अथवा समाधि कहते हैं। हृषीकेश के रूप में, अर्थात् प्रत्येक जीव की इन्द्रियों तथा मन के संचालक के रूप में, श्रीकृष्ण रथ को सेनाओं के मध्य खड़ा करने में अर्जुन के प्रयोजन को समझ सकते थे। अतः उन्होंने वैसा ही किया, और इस प्रकार बोले।

यह श्लोक क्या सिखाता है

दुर्योधन के समर्थकों को देखने की इच्छा से अर्जुन कृष्ण से रथ को दोनों सेनाओं के बीच ले जाने को कहते हैं।

विषय-संकलनों में 1

सम्पूर्ण गीता में भक्ति

  • कृष्ण अपने भक्तों के सेवक – अर्जुन के सारथी – बन जाते हैं (1.21-25)।
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।