भगवद्गीता 13.30

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

प्रकृत्यैव च कर्माणि क्रियमाणानि सर्वशः ।
यः पश्यति तथात्मानमकर्तारं स पश्यति ॥३०॥

prakṛtyaiva ca karmāṇi
kriyamāṇāni sarvaśaḥ
yaḥ paśyati tathātmānam
akartāraṁ sa paśyati

शब्दार्थ

prakṛtyā
भौतिक प्रकृति द्वारा
eva
निश्चय ही
ca
भी
karmāṇi
क्रियाएँ
kriyamāṇāni
सम्पन्न करने में संलग्न
sarvaśaḥ
सभी प्रकार से
yaḥ
जो कोई
paśyati
देखता है
tathā
भी
ātmānam
अपने आप को
akartāram
अकर्ता
saḥ
वह
paśyati
पूर्ण रूप से देखता है

अनुवाद

जो यह देख सकता है कि समस्त क्रियाएँ भौतिक प्रकृति से निर्मित शरीर द्वारा सम्पन्न होती हैं और जो देखता है कि आत्मा कुछ नहीं करती, वही वास्तव में देखता है।

तात्पर्य

यह शरीर परमात्मा के निर्देशन में भौतिक प्रकृति द्वारा बना है, और किसी के शरीर के सन्दर्भ में जो भी क्रियाएँ चल रही हैं, वे उसका कार्य नहीं हैं। मनुष्य को जो भी करना होता है, चाहे सुख के लिए हो अथवा दुःख के लिए, वह शारीरिक संरचना के कारण करने के लिए विवश होता है। तथापि आत्मा इन समस्त शारीरिक क्रियाओं से बाहर है। यह शरीर मनुष्य की विगत इच्छाओं के अनुसार दिया जाता है। इच्छाओं की पूर्ति हेतु उसे शरीर दिया जाता है, जिससे वह तदनुसार कार्य करता है। व्यावहारिक रूप से कहें तो शरीर एक यन्त्र है, जिसे परमेश्वर ने इच्छाओं की पूर्ति हेतु अभिकल्पित किया है। इच्छाओं के कारण मनुष्य को दुःख भोगने अथवा सुख भोगने हेतु कठिन परिस्थितियों में डाल दिया जाता है। जीव की यह दिव्य दृष्टि, जब विकसित होती है, तो मनुष्य को शारीरिक क्रियाओं से पृथक् कर देती है। जिसके पास ऐसी दृष्टि है, वही वास्तविक द्रष्टा है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

सच्चे द्रष्टा की जीव, प्रकृति और परमात्मा के प्रति दृष्टि

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।