भगवद्गीता 18.64

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

सर्वगुह्यतमं भूयः शृणु मे परमं वचः ।
इष्टोऽसि मे दृढमिति ततो वक्ष्यामि ते हितम् ॥६४॥

sarva-guhyatamaṁ bhūyaḥ
śṛṇu me paramaṁ vacaḥ
iṣṭo 'si me dṛḍham iti
tato vakṣyāmi te hitam

शब्दार्थ

सर्व-गुह्यतमम्
सर्वाधिक गोपनीय
भूयः
पुनः
शृणु
सुनो
मे
मुझसे
परमम्
परम
वचः
उपदेश
इष्टः असि
तुम मुझे अत्यन्त प्रिय हो
दृढम्
अत्यन्त
इति
इस प्रकार
ततः
इसलिए
वक्ष्यामि
कहता हूँ
ते
तुम्हारे
हितम्
हित

अनुवाद

चूँकि तुम मेरे अत्यन्त प्रिय मित्र हो, अतः मैं तुम्हें ज्ञान का सर्वाधिक गोपनीय अंश कह रहा हूँ। इसे मुझसे सुनो, क्योंकि यह तुम्हारे हित के लिए है।

गीता में परिभाषित

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

तात्पर्य

भगवान् ने अर्जुन को सबके हृदय में स्थित परमात्मा का गोपनीय ज्ञान दिया है, और अब वे इस ज्ञान का सर्वाधिक गोपनीय अंश दे रहे हैं: केवल पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की शरण में जाओ। नवें अध्याय के अन्त में उन्होंने कहा है, "केवल सदा मेरा ही चिन्तन करो।" वही उपदेश यहाँ भगवद्गीता की शिक्षाओं के सार पर बल देने हेतु दोहराया गया है। यह सार किसी सामान्य व्यक्ति के द्वारा नहीं समझा जाता, अपितु उसके द्वारा समझा जाता है जो वास्तव में श्रीकृष्ण को अत्यन्त प्रिय है, श्रीकृष्ण का शुद्ध भक्त है। यह समस्त वैदिक साहित्य का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण उपदेश है। इस सन्दर्भ में श्रीकृष्ण जो कह रहे हैं, वह ज्ञान का सर्वाधिक सारभूत अंश है, और इसका पालन केवल अर्जुन के द्वारा ही नहीं, अपितु समस्त जीवों के द्वारा किया जाना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

भगवान् कृष्ण की शरण लेना (गुह्यतम ज्ञान)

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।