वक्ता: श्रीकृष्ण
यं हि न व्यथयन्त्येते पुरुषं पुरुषर्षभ ।
समदुःखसुखं धीरं सोऽमृतत्वाय कल्पते ॥१५॥
yaṁ hi na vyathayanty ete
puruṣaṁ puruṣarṣabha
sama-duḥkha-sukhaṁ dhīraṁ
so 'mṛtatvāya kalpate
शब्दार्थ
- यम्
- जिसे
- हि
- निश्चय ही
- न
- कभी नहीं
- व्यथयन्ति
- व्यथित करते हैं
- एते
- ये सब
- पुरुषम्
- पुरुष को
- पुरुषर्षभ
- हे पुरुषश्रेष्ठ
- सम
- अविचलित
- दुःख
- दुःख
- सुखम्
- सुख
- धीरम्
- धैर्यवान्
- सः
- वह
- अमृतत्वाय
- मुक्ति हेतु
- कल्पते
- योग्य माना जाता है
अनुवाद
हे पुरुषश्रेष्ठ [अर्जुन], जो पुरुष सुख और दुःख से विचलित नहीं होता और दोनों में स्थिर रहता है, वह निश्चय ही मुक्ति के योग्य है।
गीता में परिभाषित
सुख
वास्तविक सुख क्या है?
हे भरतश्रेष्ठ, अब तुम मुझसे उन तीन प्रकार के सुखों के विषय में सुनो जिनका भोग बद्धजीव करता है, और जिनके द्वारा वह कभी-कभी समस्त दुःखों के अन्त को प्राप्त होता है। जो आरम्भ में विष के समान प्रतीत होता है, किन्तु अन्त में अमृत के समान होता है, और जो मनुष्य को आत्म-साक्षात्कार के प्रति जागृत करता है, वह सत्त्वगुण में स्थित सुख कहलाता है।
योग
योग क्या है?
हे अर्जुन, योग में स्थिर रहो। अपना कर्तव्य करो और सफलता अथवा असफलता के प्रति समस्त आसक्ति का त्याग कर दो। मन की ऐसी समता योग कहलाती है।
तात्पर्य
जो कोई आध्यात्मिक अनुभूति की उन्नत अवस्था के प्रति अपने संकल्प में स्थिर रहता है और सुख-दुःख के आघातों को समान रूप से सहन कर सकता है, वह निश्चय ही मुक्ति के योग्य पुरुष है। वर्णाश्रम संस्था में जीवन की चतुर्थ अवस्था, अर्थात् संन्यास आश्रम, एक कष्टसाध्य स्थिति है। किन्तु जो अपने जीवन को पूर्ण बनाने के विषय में गम्भीर है, वह समस्त कठिनाइयों के बावजूद निश्चय ही संन्यास आश्रम को ग्रहण कर लेता है। ये कठिनाइयाँ प्रायः पारिवारिक सम्बन्धों को तोड़ने, पत्नी और सन्तानों के सम्बन्ध को त्यागने से उत्पन्न होती हैं। किन्तु यदि कोई ऐसी कठिनाइयों को सहन करने में समर्थ हो, तो निश्चय ही आध्यात्मिक अनुभूति की ओर उसका मार्ग पूर्ण हो जाता है। इसी प्रकार अर्जुन को क्षत्रिय के रूप में अपने कर्तव्यों के पालन में दृढ़ रहने का परामर्श दिया गया है, भले ही अपने परिजनों अथवा इसी प्रकार के प्रियजनों से युद्ध करना कठिन हो। भगवान् चैतन्य ने चौबीस वर्ष की आयु में संन्यास ग्रहण किया, और उनके आश्रित—युवा पत्नी तथा वृद्धा माता—की देखभाल करने वाला अन्य कोई न था। तथापि एक उच्चतर उद्देश्य के लिए उन्होंने संन्यास ग्रहण किया और उच्चतर कर्तव्यों के पालन में स्थिर रहे। भौतिक बन्धन से मुक्ति प्राप्त करने का यही मार्ग है।
यह श्लोक क्या सिखाता है
द्वंद्वों को सहन करो; समभाव ही मुक्ति की पात्रता है
- विषय
- समभाव और संतोष
- जीवन में गीता
- सफलता और असफलता
विषय-संकलनों में 1
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 4
- Bhagavad-gītā 2.13-17 1968-11-29 · Los Angeles
- Bhagavad-gītā 2.15 1972-11-21
- Bhagavad-gītā 2.15 1973-08-21
- Bhagavad-gītā 2.15 1975-02-15
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।