भगवद्गीता 3.21

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः ।
स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते ॥२१॥

yad yad ācarati śreṣṭhas
tat tad evetaro janaḥ
sa yat pramāṇaṁ kurute
lokas tad anuvartate

शब्दार्थ

यत्
जो
यत्
और जो भी
आचरति
आचरण करता है
श्रेष्ठः
श्रेष्ठ पुरुष
तत्
वह
तत्
और वही
एव
निश्चय ही
इतरः
सामान्य
जनः
व्यक्ति
सः
वह
यत्
जो भी
प्रमाणम्
प्रमाण
कुरुते
प्रस्तुत करता है
लोकः
समस्त संसार
तत्
उसका
अनुवर्तते
अनुसरण करता है

अनुवाद

महापुरुष जो भी कर्म करता है, सामान्य जन उसी का अनुसरण करते हैं। और वह अपने आदर्श कर्मों द्वारा जो भी मानदण्ड स्थापित करता है, समस्त संसार उसी का अनुगमन करता है।

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: श्रीमद्भागवत

सामान्य जनता को सदैव ऐसे नेता की आवश्यकता रहती है जो व्यावहारिक आचरण द्वारा जनसमुदाय को शिक्षा दे सके। यदि नेता स्वयं धूम्रपान करता हो, तो वह जनता को धूम्रपान त्यागने की शिक्षा नहीं दे सकता। भगवान् चैतन्य ने कहा कि शिक्षक को शिक्षा देना आरम्भ करने से पूर्व ही समुचित आचरण करना चाहिए। जो इस प्रकार शिक्षा देता है, उसे आचार्य अर्थात् आदर्श शिक्षक कहा जाता है। अतः शिक्षक को सामान्य मनुष्य तक पहुँचने हेतु शास्त्र के सिद्धान्तों का पालन करना चाहिए। शिक्षक प्रकट शास्त्रों के सिद्धान्तों के विरुद्ध नियम नहीं गढ़ सकता। मनु-संहिता तथा इसी प्रकार के अन्य प्रकट शास्त्र मानव समाज द्वारा अनुसरण किए जाने योग्य मानक ग्रन्थ माने जाते हैं। इस प्रकार नेता की शिक्षा उन मानक नियमों के सिद्धान्तों पर आधारित होनी चाहिए जैसा महान् शिक्षक उनका आचरण करते हैं। श्रीमद्भागवत भी इसकी पुष्टि करता है कि मनुष्य को महान् भक्तों के पदचिह्नों पर चलना चाहिए, और यही आध्यात्मिक साक्षात्कार के पथ पर प्रगति का मार्ग है। राजा अथवा राज्य का शासन-प्रमुख, पिता तथा विद्यालय का शिक्षक — ये सभी सामान्य निरीह जनता के स्वाभाविक नेता माने जाते हैं। ऐसे समस्त स्वाभाविक नेताओं का अपने आश्रितों के प्रति महान् उत्तरदायित्व होता है; इसलिए उन्हें नैतिक एवं आध्यात्मिक नियमों के मानक ग्रन्थों से परिचित होना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

जनक जैसे राजा और स्वयं कृष्ण भी उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए कर्म करते हैं, क्योंकि सामान्य लोग महापुरुष का अनुसरण करते हैं।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।