भगवद्गीता 3.39

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

आवृतं ज्ञानमेतेन ज्ञानिनो नित्यवैरिणा ।
कामरूपेण कौन्तेय दुष्पूरेणानलेन च ॥३९॥

āvṛtaṁ jñānam etena
jñānino nitya-vairiṇā
kāma-rūpeṇa kaunteya
duṣpūreṇānalena ca

शब्दार्थ

आवृतम्
ढकी हुई
ज्ञानम्
शुद्ध चेतना
एतेन
इससे
ज्ञानिनः
ज्ञानी की
नित्य-वैरिणा
नित्य शत्रु
काम-रूपेण
काम के रूप में
कौन्तेय
हे कुन्तीपुत्र
दुष्पूरेण
कभी न तृप्त होने वाले
अनलेन
अग्नि के द्वारा
च
भी

अनुवाद

इस प्रकार मनुष्य की शुद्ध चेतना उसके नित्य शत्रु काम के रूप में ढकी रहती है, जो कभी तृप्त नहीं होता और जो अग्नि के समान जलता रहता है।

तात्पर्य

मनु-स्मृति में कहा गया है कि काम को किसी भी मात्रा के इन्द्रिय-भोग से तृप्त नहीं किया जा सकता, ठीक जैसे अग्नि ईंधन की निरन्तर आपूर्ति से कभी नहीं बुझती। भौतिक जगत् में समस्त क्रियाओं का केन्द्र यौन-भोग है, और इसीलिए इस भौतिक जगत् को मैथुन्य-आगार, अथवा यौन-जीवन का बन्धन कहा जाता है। साधारण कारागार में अपराधियों को सींखचों के भीतर रखा जाता है; इसी प्रकार जो अपराधी भगवान् के नियमों के अवज्ञाकारी हैं, वे यौन-जीवन से बँधे रहते हैं। इन्द्रियतृप्ति के आधार पर भौतिक सभ्यता की उन्नति का अर्थ है जीव के भौतिक अस्तित्व की अवधि को बढ़ाना। अतएव यह काम अज्ञान का प्रतीक है, जिसके द्वारा जीव भौतिक जगत् में बँधा रखा जाता है। जब मनुष्य इन्द्रियतृप्ति का भोग करता है, तब सम्भव है कि सुख की कुछ अनुभूति हो, किन्तु वस्तुतः वह तथाकथित सुखानुभूति इन्द्रिय-भोगी की परम शत्रु है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

काम कभी तृप्त नहीं होता

जीवन में गीता
कामना और वासना
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।