भगवद्गीता 3.41

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

तस्मात्त्वमिन्द्रियाण्यादौ नियम्य भरतर्षभ ।
पाप्मानं प्रजहि ह्येनं ज्ञानविज्ञाननाशनम् ॥४१॥

tasmāt tvam indriyāṇy ādau
niyamya bharatarṣabha
pāpmānaṁ prajahi hy enaṁ
jñāna-vijñāna-nāśanam

शब्दार्थ

तस्मात्
अतएव
त्वम्
तुम
इन्द्रियाणि
इन्द्रियों को
आदौ
आरम्भ में ही
नियम्य
नियमित करके
भरतर्षभ
हे भरतवंशियों में श्रेष्ठ
पाप्मानम्
पाप के महान् प्रतीक को
प्रजहि
अंकुश में लाओ
हि
निश्चय ही
एनम्
इसे
ज्ञान
ज्ञान
विज्ञान
शुद्ध आत्मा का वैज्ञानिक ज्ञान
नाशनम्
नाशक

अनुवाद

अतएव हे अर्जुन, भरतवंशियों में श्रेष्ठ! आरम्भ में ही इन्द्रियों को नियमित करके पाप के इस महान् प्रतीक [काम] को अंकुश में लाओ, और ज्ञान एवं आत्म-साक्षात्कार के इस नाशक का संहार करो।

गीता में परिभाषित

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: श्रीमद्भागवत

भगवान् ने अर्जुन को सलाह दी कि वह आरम्भ से ही इन्द्रियों को नियमित करे, ताकि वह सबसे बड़े पापमय शत्रु काम को अंकुश में ला सके, जो आत्म-साक्षात्कार की उत्कण्ठा को, और विशेष रूप से आत्मा के ज्ञान को, नष्ट कर देता है। ज्ञानम् का तात्पर्य आत्मा के अनात्मा से भिन्न ज्ञान से है, अर्थात् दूसरे शब्दों में, इस ज्ञान से कि आत्मा शरीर नहीं है। विज्ञानम् का तात्पर्य आत्मा के विशिष्ट ज्ञान से तथा मनुष्य की स्वरूप-स्थिति एवं परमात्मा के साथ उसके सम्बन्ध के ज्ञान से है। श्रीमद्भागवत में इसे इस प्रकार समझाया गया है : ज्ञानं परम-गुह्यं मे यद्-विज्ञान-समन्वितम् / सरहस्यं तद्-अङ्गं च गृहाण गदितं मया : "आत्मा तथा परमात्मा का ज्ञान अत्यन्त गोपनीय एवं रहस्यमय है, क्योंकि वह माया से आच्छादित है, किन्तु ऐसा ज्ञान तथा विशिष्ट अनुभूति तभी समझी जा सकती है जब स्वयं भगवान् इसे समझाएँ।" भगवद्गीता हमें वही ज्ञान देती है, विशेष रूप से आत्मा का ज्ञान। जीव भगवान् के अंश हैं, अतएव वे केवल भगवान् की सेवा करने हेतु ही बने हैं। इस चेतना को ही कृष्णभावनामृत कहा जाता है। अतएव जीवन के आरम्भ से ही मनुष्य को यह कृष्णभावनामृत सीखना चाहिए, जिससे वह पूर्ण रूप से कृष्णभावनाभावित होकर तदनुसार आचरण कर सके।

काम केवल ईश्वर-प्रेम का विकृत प्रतिबिम्ब है, जो प्रत्येक जीव के लिए स्वाभाविक है। किन्तु यदि मनुष्य को आरम्भ से ही कृष्णभावनामृत में शिक्षित किया जाए, तो वह स्वाभाविक ईश्वर-प्रेम काम में अवनत नहीं हो सकता। जब ईश्वर-प्रेम काम में अवनत हो जाता है, तब सामान्य अवस्था में लौटना अत्यन्त कठिन हो जाता है। तथापि कृष्णभावनामृत इतना शक्तिशाली है कि विलम्ब से आरम्भ करने वाला भी भक्ति की विधि-विधानों का अनुसरण करके ईश्वर-प्रेमी बन सकता है। अतएव जीवन की किसी भी अवस्था से, अथवा उसकी अनिवार्यता के बोध के समय से, मनुष्य कृष्णभावनामृत में, अर्थात् भगवान् की भक्ति में, इन्द्रियों को नियमित करना आरम्भ कर सकता है, और काम को ईश्वर-प्रेम में—जो मानव-जीवन की सर्वोच्च पूर्णावस्था है—परिणत कर सकता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

इंद्रियों को नियमित करके और सुविचारित आध्यात्मिक बुद्धि द्वारा मन को स्थिर करके काम को जीता जा सकता है।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।