भगवद्गीता 3.8

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

नियतं कुरु कर्म त्वं कर्म ज्यायो ह्यकर्मणः ।
शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मणः ॥८॥

niyataṁ kuru karma tvaṁ
karma jyāyo hy akarmaṇaḥ
śarīra-yātrāpi ca te
na prasiddhyed akarmaṇaḥ

शब्दार्थ

नियतम्
विहित
कुरु
करो
कर्म
कर्तव्य
त्वम्
तुम
कर्म
कर्म
ज्यायः
श्रेष्ठ
हि
से
अकर्मणः
बिना कर्म के
शरीर
शारीरिक
यात्रा
निर्वाह
अपि
भी
च
भी
ते
तुम्हारा
न
कभी नहीं
प्रसिद्ध्येत्
सम्पन्न होगा
अकर्मणः
बिना कर्म के

अनुवाद

अपने विहित कर्तव्य का पालन करो, क्योंकि कर्म अकर्म से श्रेष्ठ है। कर्म के बिना मनुष्य अपने भौतिक शरीर का निर्वाह तक नहीं कर सकता।

तात्पर्य

ऐसे अनेक छद्म-ध्यानी हैं जो स्वयं को उच्च कुलोत्पन्न होने का मिथ्या परिचय देते हैं, तथा अनेक बड़े व्यवसायी हैं जो यह झूठा ढोंग रचते हैं कि उन्होंने आध्यात्मिक जीवन में उन्नति हेतु सब कुछ त्याग दिया है। भगवान् श्रीकृष्ण नहीं चाहते थे कि अर्जुन ढोंगी बने, अपितु यह कि वह क्षत्रियों के लिए निर्धारित अपने विहित कर्तव्यों का पालन करे। अर्जुन एक गृहस्थ तथा एक सैन्य सेनापति था, और इसलिए उसके लिए वैसा ही बने रहना तथा गृहस्थ क्षत्रिय के लिए विहित अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन करना श्रेष्ठतर था। ऐसे कर्म एक सांसारिक मनुष्य के हृदय को क्रमशः शुद्ध कर देते हैं और उसे भौतिक कल्मष से मुक्त कर देते हैं। निर्वाह के उद्देश्य से किया जाने वाला तथाकथित त्याग न तो भगवान् द्वारा कभी अनुमोदित है और न ही किसी धार्मिक शास्त्र द्वारा। अन्ततः, मनुष्य को किसी न किसी कर्म के द्वारा अपने शरीर एवं आत्मा को एक साथ बनाए रखना ही पड़ता है। भौतिकतावादी प्रवृत्तियों की शुद्धि के बिना, कर्म को मनमाने ढंग से नहीं त्यागना चाहिए। जो कोई भी भौतिक जगत् में है, वह निश्चय ही भौतिक प्रकृति पर प्रभुत्व जमाने की, अथवा दूसरे शब्दों में, इन्द्रिय-तृप्ति की अशुद्ध प्रवृत्ति से युक्त है। ऐसी कलुषित प्रवृत्तियों का निवारण होना आवश्यक है। विहित कर्तव्यों के द्वारा ऐसा किए बिना, मनुष्य को कभी भी कर्म त्यागकर तथा दूसरों के व्यय पर जीवन-यापन करते हुए तथाकथित अध्यात्मवादी बनने का प्रयत्न नहीं करना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

ढोंगी बाहर से कर्म त्यागता है, पर भीतर इंद्रिय-विषयों का चिंतन करता है। अच्छा है कि विष्णु के लिए नियत कर्म किया जाए और बंधन से बचा जाए।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2
इस श्लोक पर लेख 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।