वक्ता: श्रीकृष्ण
आत्मौपम्येन सर्वत्र समं पश्यति योऽर्जुन ।
सुखं वा यदि वा दुःखं स योगी परमो मतः ॥३२॥
ātmaupamyena sarvatra
samaṁ paśyati yo 'rjuna
sukhaṁ vā yadi vā duḥkhaṁ
sa yogī paramo mataḥ
शब्दार्थ
- आत्म
- स्वयं
- औपम्येन
- तुलना द्वारा
- सर्वत्र
- सर्वत्र
- समम्
- समता
- पश्यति
- देखता है
- यः
- जो
- अर्जुन
- हे अर्जुन
- सुखम्
- सुख
- वा
- अथवा
- यदि
- यदि
- वा
- अथवा
- दुःखम्
- दुःख
- सः
- ऐसा
- योगी
- योगी
- परमः
- पूर्ण
- मतः
- माना जाता है
अनुवाद
हे अर्जुन! वही पूर्ण योगी है, जो अपने साथ तुलना करके समस्त प्राणियों की वास्तविक समता को उनके सुख तथा दुःख दोनों में देखता है।
गीता में परिभाषित
योगी
सच्चा योगी कौन है?
श्रीभगवान् ने कहा : जो कर्म के फलों के प्रति अनासक्त रहकर अपने विहित कर्तव्य का पालन करता है, वही संन्यासी तथा वही सच्चा योगी है—न कि वह, जो न तो अग्नि प्रज्वलित करता है और न ही कर्म करता है।
सुख
वास्तविक सुख क्या है?
हे भरतश्रेष्ठ, अब तुम मुझसे उन तीन प्रकार के सुखों के विषय में सुनो जिनका भोग बद्धजीव करता है, और जिनके द्वारा वह कभी-कभी समस्त दुःखों के अन्त को प्राप्त होता है। जो आरम्भ में विष के समान प्रतीत होता है, किन्तु अन्त में अमृत के समान होता है, और जो मनुष्य को आत्म-साक्षात्कार के प्रति जागृत करता है, वह सत्त्वगुण में स्थित सुख कहलाता है।
तात्पर्य
जो कृष्णभावनाभावित है, वही पूर्ण योगी है; वह अपने व्यक्तिगत अनुभव के बल पर सबके सुख तथा दुःख से अवगत रहता है। जीव के दुःख का कारण भगवान् के साथ उसके सम्बन्ध की विस्मृति है। और सुख का कारण श्रीकृष्ण को मनुष्य के समस्त कार्यकलापों का परम भोक्ता जानना है। श्रीकृष्ण समस्त भूमियों तथा लोकों के स्वामी हैं। पूर्ण योगी समस्त जीवों का सबसे निष्कपट मित्र होता है। वह जानता है कि भौतिक प्रकृति के गुणों से बद्ध जीव, श्रीकृष्ण के साथ अपने सम्बन्ध की विस्मृति के कारण, त्रिविध भौतिक दुःखों के अधीन होता है। चूँकि कृष्णभावनामृत में स्थित मनुष्य सुखी रहता है, अतः वह सर्वत्र श्रीकृष्ण के ज्ञान का वितरण करने का प्रयास करता है। चूँकि पूर्ण योगी कृष्णभावनाभावित बनने के महत्त्व का प्रचार करने का प्रयत्न करता है, इसलिए वह संसार का सर्वश्रेष्ठ परोपकारी है, और वह भगवान् का सर्वाधिक प्रिय सेवक है। न तस्मात् कश्चिद् मे प्रियकृत् तमः। दूसरे शब्दों में, भगवान् का भक्त सदा समस्त जीवों के कल्याण की ओर दृष्टि रखता है, और इस प्रकार वह वस्तुतः सबका मित्र है। वह सर्वश्रेष्ठ योगी है, क्योंकि वह योग में सिद्धि की कामना अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं करता, अपितु दूसरों के लिए भी प्रयत्न करता है। वह अपने सहवर्ती जीवों से ईर्ष्या नहीं करता। यहाँ भगवान् के शुद्ध भक्त तथा केवल अपने व्यक्तिगत उत्थान में रुचि रखने वाले योगी के बीच विरोध दर्शाया गया है। जो योगी पूर्ण रूप से ध्यान करने के लिए किसी एकान्त स्थान में चला गया है, वह सम्भवतः उस भक्त के समान पूर्ण नहीं है, जो प्रत्येक मनुष्य को कृष्णभावनामृत की ओर मोड़ने का भरसक प्रयास कर रहा है।
यह श्लोक क्या सिखाता है
सिद्ध योगी के कर्म
- विषय
- समभाव और संतोष
विषय-संकलनों में 1
- भगवान् समभाव वाले भक्त को सर्वोच्च मानते हैं। (6.32 आत्मौपम्येन सर्वत्र...)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2
- Bhagavad-gītā 6.32–40 1966-09-16 · New York
- Bhagavad-gītā 6.30–34 [Sāṅkhya Yoga System] 1969-02-19 · Los Angeles
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।