भगवद्गीता 7.27

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

इच्छाद्वेषसमुत्थेन द्वन्द्वमोहेन भारत ।
सर्वभूतानि सम्मोहं सर्गे यान्ति परन्तप ॥२७॥

icchā-dveṣa-samutthena
dvandva-mohena bhārata
sarva-bhūtāni sammohaṁ
sarge yānti parantapa

शब्दार्थ

इच्छा
कामना
द्वेष
घृणा
समुत्थेन
से उत्पन्न
द्वन्द्व
द्वैत
मोहेन
से अभिभूत
भारत
हे भरतवंशी
सर्व
समस्त
भूतानि
जीव
सम्मोहम्
मोह में
सर्गे
सृष्टि में
यान्ति
जाते हैं
परन्तप
हे शत्रुओं का दमन करने वाले

अनुवाद

हे भरतवंशी [अर्जुन], हे शत्रुओं का दमन करने वाले, समस्त जीव कामना और घृणा के द्वैत से अभिभूत होकर मोह में जन्म लेते हैं।

तात्पर्य

जीव की वास्तविक स्वरूपगत स्थिति परमेश्वर के अधीन रहने की है, जो शुद्ध ज्ञानस्वरूप हैं। जब कोई इस शुद्ध ज्ञान से पृथक् होकर मोहग्रस्त हो जाता है, तब वह माया-शक्ति के वशीभूत हो जाता है और पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को नहीं समझ पाता। यह माया-शक्ति कामना और घृणा के द्वैत में प्रकट होती है। कामना और घृणा के कारण अज्ञानी व्यक्ति परमेश्वर के साथ एकाकार होना चाहता है तथा पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के रूप में श्रीकृष्ण से ईर्ष्या करता है। जो शुद्ध भक्त इस प्रकार मोहित अथवा कामना और घृणा से कलुषित नहीं हैं, वे समझ सकते हैं कि भगवान् श्रीकृष्ण अपनी अन्तरंगा शक्तियों के द्वारा प्रकट होते हैं; किन्तु जो द्वैत और अविद्या से मोहित हैं, वे यह सोचते हैं कि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् भौतिक शक्तियों द्वारा सृजित हैं। यही उनका दुर्भाग्य है। ऐसे मोहित व्यक्ति, लक्षणतः, अपमान और सम्मान, दुःख और सुख, स्त्री और पुरुष, अच्छे और बुरे, आनन्द और पीड़ा आदि के द्वैतों में निवास करते हैं और यह सोचते हैं, "यह मेरी पत्नी है; यह मेरा घर है; मैं इस घर का स्वामी हूँ; मैं इस पत्नी का पति हूँ।" ये मोह के द्वैत हैं। जो इन द्वैतों से इस प्रकार मोहित हैं, वे पूर्णतः मूर्ख हैं और इसी कारण पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को नहीं समझ सकते।

यह श्लोक क्या सिखाता है

जीवों का मोह

विषय-संकलनों में 1

पाँच विषय

  • भौतिक इच्छाओं और अपने स्वभाव से उत्पन्न भौतिक कर्मों के कारण जीव इस संसार में फँसा हुआ है (7.27, 16.12, 14.6, 18.60)

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।