वक्ता: श्रीकृष्ण
न च मां तानि कर्माणि निबध्नन्ति धनञ्जय ।
उदासीनवदासीनमसक्तं तेषु कर्मसु ॥९॥
na ca māṁ tāni karmāṇi
nibadhnanti dhanañjaya
udāsīna-vad āsīnam
asaktaṁ teṣu karmasu
शब्दार्थ
- न
- कभी नहीं
- च
- भी
- माम्
- मुझे
- तानि
- वे समस्त
- कर्माणि
- क्रियाएँ
- निबध्नन्ति
- बाँधती हैं
- धनञ्जय
- हे धन के विजेता
- उदासीन-वत्
- उदासीन की भाँति
- आसीनम्
- स्थित
- असक्तम्
- बिना आकर्षण के
- तेषु
- उनमें
- कर्मसु
- क्रियाओं में
अनुवाद
हे धनञ्जय! यह समस्त कर्म मुझे बाँध नहीं सकता। मैं सदा अनासक्त हूँ, मानो उदासीन होकर स्थित रहता हूँ।
तात्पर्य
इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: ब्रह्म-संहितावेदान्त-सूत्र
इस सन्दर्भ में यह नहीं सोचना चाहिए कि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् का कोई कार्य नहीं है। अपने आध्यात्मिक जगत् में वे सदा कार्यरत रहते हैं। ब्रह्म-संहिता में कहा गया है: "वे सदा अपनी नित्य, आनन्दमयी, आध्यात्मिक क्रियाओं में संलग्न रहते हैं, किन्तु इन भौतिक क्रियाओं से उनका कोई सरोकार नहीं है।" भौतिक क्रियाएँ उनकी विभिन्न शक्तियों द्वारा सम्पादित की जा रही हैं। भगवान् सृजित जगत् की भौतिक क्रियाओं में सदा उदासीन रहते हैं। इस उदासीनता को यहाँ समझाया गया है। यद्यपि उनका पदार्थ के प्रत्येक सूक्ष्म विवरण पर नियन्त्रण है, तथापि वे मानो उदासीन होकर बैठे रहते हैं। इसका उदाहरण किसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश का दिया जा सकता है जो अपनी पीठ पर आसीन है। उसके आदेश से अनेक बातें घटित हो रही हैं: किसी को फाँसी दी जा रही है, किसी को कारागार में डाला जा रहा है, किसी को विपुल धनराशि प्रदान की जा रही है—किन्तु फिर भी वह उदासीन है। उस समस्त लाभ-हानि से उसका कोई सरोकार नहीं है। इसी प्रकार, भगवान् सदा उदासीन रहते हैं, यद्यपि क्रिया के प्रत्येक क्षेत्र में उनका हाथ है। वेदान्त-सूत्र में कहा गया है कि वे इस भौतिक जगत् के द्वन्द्वों में स्थित नहीं हैं। वे इन द्वन्द्वों से दिव्य हैं। न ही वे इस भौतिक जगत् के सृजन तथा संहार के प्रति आसक्त हैं। जीव अपने पूर्व कर्मों के अनुसार विभिन्न जीव-योनियों में अपने भिन्न-भिन्न रूप धारण करते हैं, और भगवान् उनमें हस्तक्षेप नहीं करते।
यह श्लोक क्या सिखाता है
भौतिक जगत कृष्ण की शक्तियों और उनकी इच्छा से समय-समय पर रचा और नष्ट किया जाता है, किंतु यह सारा कार्य उन्हें बाँध नहीं सकता।
विषय-संकलनों में 2
कृष्ण – पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्
- कर्म कृष्ण को बाँध नहीं सकते। वे इन सभी भौतिक कार्यों से सदा अनासक्त रहते हैं, मानो उदासीन बैठे हों। (9.9 न च मां तानि कर्माणि...)
- ईश्वर और प्रकृति – भौतिक प्रकृति भगवान् की अध्यक्षता में कार्य करती है, किंतु भगवान् उदासीन और अलिप्त रहते हैं। (9.9-10)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1
- Bhagavad-gītā 9.7–10 1966-11-21 · New York
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।