वक्ता: श्रीकृष्ण
अयुक्तः प्राकृतः स्तब्धः शठो नैष्कृतिकोऽलसः ।
विषादी दीर्घसूत्री च कर्ता तामस उच्यते ॥२८॥
ayuktaḥ prākṛtaḥ stabdhaḥ
śaṭho naiṣkṛtiko 'lasaḥ
viṣādī dīrgha-sūtrī ca
kartā tāmasa ucyate
शब्दार्थ
- अयुक्तः
- शास्त्रीय आदेशों के सन्दर्भ के बिना
- प्राकृतः
- भौतिकतावादी
- स्तब्धः
- हठी
- शठः
- कपटी
- नैष्कृतिकः
- दूसरों का अपमान करने में निपुण
- अलसः
- आलसी
- विषादी
- खिन्न
- दीर्घ-सूत्री
- विलम्ब करने वाला
- च
- भी
- कर्ता
- कर्ता
- तामसः
- तमोगुण में
- उच्यते
- कहा जाता है
अनुवाद
और जो कर्ता सदा शास्त्र के आदेश के विरुद्ध कर्म में संलग्न रहता है, जो भौतिकतावादी, हठी, छली तथा दूसरों का अपमान करने में निपुण है, जो आलसी, सदा खिन्न तथा विलम्ब करने वाला है, वह तमोगुणी कर्ता है।
तात्पर्य
शास्त्रीय आदेशों में हमें यह मिलता है कि किस प्रकार का कर्म करना चाहिए और किस प्रकार का कर्म नहीं करना चाहिए। जो लोग उन आदेशों की परवाह नहीं करते, वे न करने योग्य कर्म में संलग्न होते हैं, और ऐसे व्यक्ति सामान्यतः भौतिकतावादी होते हैं। वे शास्त्र के आदेशों के अनुसार नहीं, अपितु प्रकृति के गुणों के अनुसार कर्म करते हैं। ऐसे कर्ता अधिक सौम्य नहीं होते, और सामान्यतः सदा धूर्त तथा दूसरों का अपमान करने में निपुण रहते हैं। वे अत्यन्त आलसी होते हैं; यद्यपि उनका कोई कर्तव्य होता है, वे उसे ठीक से नहीं करते, और उसे बाद में करने के लिए टाल देते हैं। इसी कारण वे खिन्न प्रतीत होते हैं। वे विलम्ब करते हैं; जो कार्य एक घण्टे में किया जा सकता है, उसे वे वर्षों तक खींचते रहते हैं। ऐसे कर्ता तमोगुण में स्थित होते हैं।
यह श्लोक क्या सिखाता है
तीनों गुणों में कर्ता
| सत्त्वगुण | रजोगुण | तमोगुण | |
|---|---|---|---|
| कर्ता | समस्त भौतिक आसक्तियों तथा मिथ्या अहंकार से मुक्त है, जो उत्साही एवं दृढ़संकल्प है, तथा जो सफलता अथवा असफलता के प्रति उदासीन है 18.26 | अपने श्रम के फलों के प्रति आसक्त है और उनका भोग करने की प्रबल कामना रखता है, जो लोभी, ईर्ष्यालु तथा अपवित्र है और सुख-दुःख से विचलित होता है 18.27 | भौतिकतावादी, हठी, छली तथा दूसरों का अपमान करने में निपुण है, जो आलसी, सदा खिन्न तथा विलम्ब करने वाला है 18.28 |
भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।