भगवद्गीता 2.49

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

दूरेण ह्यवरं कर्म बुद्धियोगाद्धनञ्जय ।
बुद्धौ शरणमन्विच्छ कृपणाः फलहेतवः ॥४९॥

dūreṇa hy avaraṁ karma
buddhi-yogād dhanañjaya
buddhau śaraṇam anviccha
kṛpaṇāḥ phala-hetavaḥ

शब्दार्थ

दूरेण
इसे बहुत दूर हटाकर
हि
निश्चय ही
अवरम्
निन्दनीय
कर्म
कर्म
बुद्धि-योगात्
कृष्णभावनामृत के बल पर
धनञ्जय
हे धनञ्जय
बुद्धौ
ऐसी भावना में
शरणम्
पूर्ण शरणागति
अन्विच्छ
इच्छा करो
कृपणाः
कृपण
फल-हेतवः
जो सकाम कर्म की इच्छा करते हैं

अनुवाद

हे धनञ्जय, भक्ति के द्वारा स्वयं को समस्त सकाम कर्मों से मुक्त करो, और उसी भावना में पूर्णतः शरणागत हो जाओ। जो अपने कर्म के फलों का भोग करना चाहते हैं वे कृपण हैं।

गीता में परिभाषित

शरणागति

कौन श्रीकृष्ण की शरण लेता है, और कौन नहीं?

हे भरतवंशियों में श्रेष्ठ [अर्जुन], चार प्रकार के पुण्यात्मा मनुष्य मेरी भक्ति करते हैं—आर्त, धन का इच्छुक, जिज्ञासु, तथा वह जो परम सत्य का ज्ञान खोज रहा है।

भगवद्गीता 7.16

परिभाषा देखें

तात्पर्य

जिसने वास्तव में अपनी स्वाभाविक स्थिति को भगवान् के नित्य सेवक के रूप में समझ लिया है, वह कृष्णभावनामृत में कर्म करने के अतिरिक्त समस्त संलग्नताओं का त्याग कर देता है। जैसा पहले समझाया जा चुका है, बुद्धियोग का अर्थ है भगवान् की दिव्य प्रेममयी सेवा। ऐसी भक्ति ही जीव के लिए उचित कर्ममार्ग है। केवल कृपण ही अपने कर्म के फल का भोग करना चाहते हैं, जिससे वे भौतिक बन्धन में और अधिक उलझ जाएँ। कृष्णभावनामृत में कर्म के अतिरिक्त, समस्त कर्म निन्दनीय हैं, क्योंकि वे कर्ता को निरन्तर जन्म-मृत्यु के चक्र में बाँधे रखते हैं। अतः मनुष्य को कभी कर्म का कारण बनने की इच्छा नहीं करनी चाहिए। प्रत्येक कार्य श्रीकृष्ण की सन्तुष्टि के लिए कृष्णभावनामृत में किया जाना चाहिए। कृपण यह नहीं जानते कि सौभाग्य से अथवा कठोर श्रम से प्राप्त धन-सम्पत्ति का किस प्रकार उपयोग किया जाए। मनुष्य को अपनी समस्त ऊर्जा कृष्णभावनामृत में कर्म करते हुए लगानी चाहिए, और इससे उसका जीवन सफल हो जाएगा। कृपणों की भाँति, अभागे मनुष्य अपनी मानवीय ऊर्जा को भगवान् की सेवा में नहीं लगाते।

यह श्लोक क्या सिखाता है

निष्काम कर्मयोग का अभ्यास कैसे करें

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 3

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।