भगवद्गीता 2.69

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

या निशा सर्वभूतानां तस्यां जागर्ति संयमी ।
यस्यां जाग्रति भूतानि सा निशा पश्यतो मुनेः ॥६९॥

yā niśā sarva-bhūtānāṁ
tasyāṁ jāgarti saṁyamī
yasyāṁ jāgrati bhūtāni
sā niśā paśyato muneḥ

शब्दार्थ

yā
जो
niśā
रात्रि है
sarva
समस्त
bhūtānām
जीवों की
tasyām
उसमें
jāgarti
जागृत
saṁyamī
आत्मसंयमी
yasyām
जिसमें
jāgrati
जागते हैं
bhūtāni
समस्त प्राणी
sā
वह है
niśā
रात्रि
paśyataḥ
अन्तर्दर्शी के लिए
muneḥ
मुनि

अनुवाद

जो समस्त प्राणियों के लिए रात्रि है, वह आत्मसंयमी के लिए जागरण का समय है; और जो समस्त प्राणियों के लिए जागरण का समय है, वह अन्तर्दर्शी मुनि के लिए रात्रि है।

तात्पर्य

बुद्धिमान् मनुष्यों के दो वर्ग हैं। एक इन्द्रियतृप्ति हेतु भौतिक क्रियाओं में बुद्धिमान् है, और दूसरा अन्तर्दर्शी है तथा आत्म-साक्षात्कार के अनुशीलन के प्रति जागृत है। अन्तर्दर्शी मुनि अथवा विचारशील मनुष्य की क्रियाएँ भौतिकता में लीन व्यक्तियों के लिए रात्रि के समान हैं। भौतिकतावादी व्यक्ति आत्म-साक्षात्कार के विषय में अज्ञान के कारण ऐसी रात्रि में सोते रहते हैं। अन्तर्दर्शी मुनि भौतिकतावादी मनुष्यों की "रात्रि" में सतर्क रहता है। मुनि आध्यात्मिक संस्कृति की क्रमिक उन्नति में दिव्य आनन्द का अनुभव करता है, जबकि भौतिकतावादी क्रियाओं में रत मनुष्य, आत्म-साक्षात्कार के प्रति सोया हुआ होने के कारण, विविध प्रकार के इन्द्रिय-सुख का स्वप्न देखता है, और अपनी सुप्त अवस्था में कभी सुखी तो कभी दुखी अनुभव करता है। अन्तर्दर्शी मनुष्य सदा भौतिक सुख-दुःख के प्रति उदासीन रहता है। वह भौतिक प्रतिक्रिया से अविचलित रहकर अपनी आत्म-साक्षात्कार की क्रियाओं को आगे बढ़ाता रहता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

[उ4] स्थितप्रज्ञ का इंद्रियों को लगाना (चलना) – भगवान् की कृपा प्राप्त करने से बुद्धि स्थिर होती है और शांति मिलती है। विचलित इंद्रियाँ बुद्धि को हर लेती हैं, पर स्थितप्रज्ञ विचलित नहीं होता। स्थितप्रज्ञ के गुण और उसकी गति।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।