भगवद्गीता 18.6

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

एतान्यपि तु कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा फलानि च ।
कर्तव्यानीति मे पार्थ निश्चितं मतमुत्तमम् ॥६॥

etāny api tu karmāṇi
saṅgaṁ tyaktvā phalāni ca
kartavyānīti me pārtha
niścitaṁ matam uttamam

शब्दार्थ

एतानि
ये सब
अपि
निश्चय ही
तु
अवश्य
कर्माणि
कर्म
सङ्गम्
संग
त्यक्त्वा
त्यागकर
फलानि
फल
च
भी
कर्तव्यानि
कर्तव्य के रूप में
इति
इस प्रकार
मे
मेरा
पार्थ
हे पृथापुत्र
निश्चितम्
निश्चित
मतम्
मत
उत्तमम्
श्रेष्ठ

अनुवाद

ये समस्त कर्म फल की किसी भी अपेक्षा के बिना सम्पन्न किए जाने चाहिए। हे पृथापुत्र, इन्हें कर्तव्य के रूप में सम्पन्न किया जाना चाहिए। यही मेरा अन्तिम मत है।

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: श्रीमद्भागवत

यद्यपि समस्त यज्ञ पवित्र करने वाले हैं, तथापि मनुष्य को ऐसे अनुष्ठानों से किसी फल की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए। दूसरे शब्दों में, जो यज्ञ जीवन में भौतिक उन्नति हेतु हैं, उनका त्याग कर देना चाहिए, किन्तु जो यज्ञ मनुष्य के अस्तित्व को शुद्ध करते हैं और उसे आध्यात्मिक स्तर तक उठाते हैं, उन्हें बन्द नहीं किया जाना चाहिए। जो कुछ भी कृष्णभावनामृत की ओर ले जाता है, उसे प्रोत्साहित करना चाहिए। श्रीमद्भागवत में भी कहा गया है कि जो भी कर्म भगवान् की भक्ति की ओर ले जाए, उसे स्वीकार किया जाना चाहिए। यही धर्म की सर्वोच्च कसौटी है। भगवान् के भक्त को किसी भी प्रकार का वह कर्म, यज्ञ अथवा दान स्वीकार करना चाहिए जो भगवान् की भक्ति के सम्पादन में उसकी सहायता करे।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कृष्ण संन्यास और त्याग की परिभाषा देते हैं। वे त्याग के विषय में दो मत बताते हैं और फिर अपना मत।

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।