भगवद्गीता 2.9

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: सञ्जय

सञ्जय उवाच ।
एवमुक्त्वा हृषीकेशं गुडाकेशः परन्तपः ।
न योत्स्य इति गोविन्दमुक्त्वा तूष्णीं बभूव ह ॥९॥

sañjaya uvāca
evam uktvā hṛṣīkeśaṁ
guḍākeśaḥ parantapaḥ
na yotsya iti govindam
uktvā tūṣṇīṁ babhūva ha

शब्दार्थ

सञ्जयः उवाच
सञ्जय ने कहा
एवम्
इस प्रकार
उक्त्वा
कहकर
हृषीकेशम्
इन्द्रियों के स्वामी श्रीकृष्ण से
गुडाकेशः
अज्ञान का दमन करने में निपुण अर्जुन
परन्तपः
शत्रुओं का दमन करने वाला
न योत्स्ये
मैं युद्ध नहीं करूँगा
इति
इस प्रकार
गोविन्दम्
आनन्ददाता श्रीकृष्ण से
उक्त्वा
कहकर
तूष्णीम्
मौन
बभूव
हो गया
ह
निश्चय ही

अनुवाद

सञ्जय ने कहा : इस प्रकार कहकर, शत्रुओं का दमन करने वाले अर्जुन ने श्रीकृष्ण से कहा, "हे गोविन्द, मैं युद्ध नहीं करूँगा," और मौन हो गए।

तात्पर्य

धृतराष्ट्र यह समझकर अवश्य ही अत्यन्त प्रसन्न हुए होंगे कि अर्जुन युद्ध नहीं करने जा रहे थे, अपितु युद्धभूमि को छोड़कर भिक्षावृत्ति की ओर जा रहे थे। किन्तु सञ्जय ने उन्हें यह बताकर पुनः निराश कर दिया कि अर्जुन अपने शत्रुओं का वध करने में समर्थ थे (परन्तपः)। यद्यपि अर्जुन उस समय पारिवारिक स्नेह के कारण मिथ्या शोक से अभिभूत थे, तथापि उन्होंने शिष्य के रूप में परम गुरु श्रीकृष्ण की शरण ली। इससे यह संकेत मिला कि वे शीघ्र ही पारिवारिक स्नेह से उत्पन्न मिथ्या शोक से मुक्त हो जाएँगे, और आत्म-साक्षात्कार, अथवा कृष्णभावनामृत के पूर्ण ज्ञान से प्रबुद्ध हो जाएँगे, और तब निश्चय ही युद्ध करेंगे। इस प्रकार धृतराष्ट्र का हर्ष विफल हो जाएगा, क्योंकि अर्जुन श्रीकृष्ण द्वारा प्रबुद्ध होकर अन्त तक युद्ध करेंगे।

यह श्लोक क्या सिखाता है

अर्जुन कृष्ण की शरण लेते हैं और कृष्ण बोलना आरंभ करते हैं

जीवन में गीता
शरणागति
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 5

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।