भगवद्गीता 10.8

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

अहं सर्वस्य प्रभवो मत्तः सर्वं प्रवर्तते ।
इति मत्वा भजन्ते मां बुधा भावसमन्विताः ॥८॥

ahaṁ sarvasya prabhavo
mattaḥ sarvaṁ pravartate
iti matvā bhajante māṁ
budhā bhāva-samanvitāḥ

शब्दार्थ

अहम्
मैं
सर्वस्य
समस्त का
प्रभवः
उत्पत्ति का स्रोत
मत्तः
मुझसे
सर्वम्
सब कुछ
प्रवर्तते
उद्भूत होता है
इति
इस प्रकार
मत्वा
जानकर
भजन्ते
भक्त बन जाते हैं
माम्
मुझको
बुधाः
विद्वान्
भाव-समन्विताः
महान् भाव सहित

अनुवाद

मैं समस्त आध्यात्मिक तथा भौतिक जगतों का स्रोत हूँ। सब कुछ मुझसे ही उद्भूत होता है। जो विद्वान् इसे भली-भाँति जानते हैं, वे मेरी भक्ति में संलग्न होते हैं और सम्पूर्ण हृदय से मेरी आराधना करते हैं।

गीता में परिभाषित

विद्वान

वास्तव में विद्वान कौन है?

जिसका प्रत्येक कर्म इन्द्रियतृप्ति की इच्छा से रहित होता है, वह पूर्ण ज्ञान में स्थित समझा जाता है। मनीषीगण उसे ऐसा कर्ता कहते हैं जिसका सकाम कर्म पूर्ण ज्ञान की अग्नि में जल चुका है।

भगवद्गीता 4.19

परिभाषा देखें

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: अथर्ववेदमोक्ष-धर्मवराह पुराण

जिस विद्वान् पण्डित ने वेदों का भली-भाँति अध्ययन किया है और जिसे भगवान् चैतन्य जैसे प्रामाणिक पुरुषों से ज्ञान प्राप्त है और जो जानता है कि इन शिक्षाओं को कैसे लागू किया जाए, वह समझ सकता है कि श्रीकृष्ण भौतिक तथा आध्यात्मिक दोनों जगतों में प्रत्येक वस्तु का उद्गम हैं, और चूँकि वह इसे भली-भाँति जानता है, अतः वह परमेश्वर की भक्ति में दृढ़ रूप से स्थिर हो जाता है। उसे चाहे जितनी भी निरर्थक टीकाओं अथवा मूर्खों द्वारा कभी विचलित नहीं किया जा सकता। समस्त वैदिक साहित्य इस बात पर सहमत है कि श्रीकृष्ण ब्रह्मा, शिव तथा अन्य समस्त देवताओं के स्रोत हैं। अथर्ववेद में कहा गया है, "यो ब्रह्माणं विदधाति पूर्वं यो वै वेदांश्च गापयति स्म कृष्णः।" "वे श्रीकृष्ण ही थे जिन्होंने आदि में ब्रह्मा को वैदिक ज्ञान का उपदेश दिया और जिन्होंने भूतकाल में वैदिक ज्ञान का प्रसार किया।" फिर पुनः कहा गया है, "अथ पुरुषो ह वै नारायणो ऽकामयत प्रजाः सृजेय इत्युपक्रम्य।" "तब परम पुरुष नारायण ने जीवों को सृजित करने की इच्छा की।" पुनः कहा गया है:

नारायणाद् ब्रह्मा जायते, नारायणाद् प्रजापतिः प्रजायते, नारायणाद् इन्द्रो जायते, नारायणाद् अष्टौ वसवो जायन्ते, नारायणाद् एकादश रुद्रा जायन्ते, नारायणाद् द्वादशादित्याः।

"नारायण से ब्रह्मा उत्पन्न होते हैं, और नारायण से पितामह भी उत्पन्न होते हैं। नारायण से इन्द्र उत्पन्न होते हैं, नारायण से आठ वसु उत्पन्न होते हैं, नारायण से ग्यारह रुद्र उत्पन्न होते हैं, नारायण से बारह आदित्य उत्पन्न होते हैं।"

उन्हीं वेदों में कहा गया है: ब्रह्मण्यो देवकी-पुत्रः, "देवकी के पुत्र श्रीकृष्ण परम पुरुष हैं।" तत्पश्चात् कहा गया है:

एको वै नारायण आसीन्न ब्रह्मा न ईशानो नापो नाग्नि समौ नेमे

द्याव-आपृथिवी न नक्षत्राणि न सूर्यः स एकाकी न रमते तस्य

ध्यानान्तः स्थस्य यत्र छान्दोगैः क्रियमाणाष्टकादि-संज्ञका

स्तुति-स्तोमः स्तोममुच्यते।

"सृष्टि के आरम्भ में केवल परम पुरुष नारायण थे। न ब्रह्मा थे, न शिव, न अग्नि, न चन्द्रमा, न आकाश में तारे, न सूर्य। केवल श्रीकृष्ण थे, जो सबका सृजन करते हैं तथा सबका भोग करते हैं।"

अनेक पुराणों में कहा गया है कि भगवान् शिव परम से, अर्थात् परमेश्वर श्रीकृष्ण से, उत्पन्न हुए, और वेद कहते हैं कि वही परमेश्वर, ब्रह्मा तथा शिव के स्रष्टा, आराधनीय हैं। मोक्ष-धर्म में श्रीकृष्ण यह भी कहते हैं, प्रजापतिं च रुद्रं चाप्यहमेव सृजामि वै तौ हि मां न विजानीतो मम माया-विमोहितौ। "पितामह, शिव तथा अन्य मेरे द्वारा सृजित हैं, यद्यपि वे नहीं जानते कि वे मेरे द्वारा सृजित हैं, क्योंकि वे मेरी मायारूपी ऊर्जा से मोहित हैं।" वराह पुराण में यह भी कहा गया है, नारायणः परो देवस्तस्माज्जातश्चतुर्मुखः तस्माद् रुद्रो ऽभवद् देवः स च सर्वज्ञतां गतः। "नारायण पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् हैं, और उनसे ब्रह्मा उत्पन्न हुए, जिनसे शिव उत्पन्न हुए।"

भगवान् श्रीकृष्ण समस्त उत्पत्तियों के स्रोत हैं, और वे प्रत्येक वस्तु के सर्वाधिक सक्षम कारण कहे जाते हैं। वे कहते हैं कि चूँकि "सब कुछ मुझसे उत्पन्न होता है, अतः मैं सबका आदि स्रोत हूँ। सब कुछ मेरे अधीन है; कोई भी मुझसे ऊपर नहीं है।" श्रीकृष्ण के अतिरिक्त कोई परम नियन्ता नहीं है। जो श्रीकृष्ण को इस प्रकार किसी प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु से तथा वैदिक साहित्य से समझता है, जो अपनी समूची ऊर्जा को कृष्णभावनामृत में संलग्न करता है, वह वस्तुतः विद्वान् मनुष्य बन जाता है। उसकी तुलना में अन्य समस्त, जो श्रीकृष्ण को ठीक से नहीं जानते, मूर्ख ही हैं। केवल मूर्ख ही श्रीकृष्ण को एक साधारण मनुष्य मानेगा। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति को मूर्खों से मोहित नहीं होना चाहिए; उसे भगवद्गीता पर समस्त अप्रामाणिक टीकाओं तथा व्याख्याओं से बचना चाहिए और संकल्प तथा दृढ़ता सहित कृष्णभावनामृत में अग्रसर होना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कृष्ण सभी भौतिक और आध्यात्मिक जगतों के स्रोत हैं। उनकी उपासना करने वाले बुद्धिमान लोग सदा उनकी चर्चा में तल्लीन रहते हैं

विषय-संकलनों में 4

कृष्ण – पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्

  • कृष्ण समस्त भौतिक और आध्यात्मिक लोकों में प्रत्येक वस्तु के उद्गम हैं। (10.8 अहं सर्वस्य प्रभवो...)

भक्ति – सर्वोच्च योग

  • जो मुझे भलीभाँति सबके उद्गम के रूप में जानते हैं, वे पूरे हृदय से भक्ति में लग जाते हैं। (10.8 अहं सर्वस्य प्रभवो...)

सम्पूर्ण गीता में भक्ति

  • वास्तव में बुद्धिमान व्यक्ति शुद्ध भक्ति का अभ्यास अपनाता है (10.8 अहं सर्वस्य प्रभवो...)
  • गीता के चार मूल श्लोक (चतुःश्लोकी) कृष्ण और उनके भक्तों के बीच के प्रतिदान का वर्णन करते हैं (10.8-11)

पाँच विषय

  • ईश्वर भीतर से आध्यात्मिक बुद्धि और मार्गदर्शन देते हैं (10.8- 11)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 3
इस श्लोक पर लेख 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।