भगवद्गीता 2.27

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च ।
तस्मादपरिहार्येऽर्थे न त्वं शोचितुमर्हसि ॥२७॥

jātasya hi dhruvo mṛtyur
dhruvaṁ janma mṛtasya ca
tasmād aparihārye 'rthe
na tvaṁ śocitum arhasi

शब्दार्थ

जातस्य
जिसने जन्म लिया है उसकी
हि
निश्चय ही
ध्रुवः
निश्चित तथ्य
मृत्युः
मृत्यु
ध्रुवम्
यह भी निश्चित है
जन्म
जन्म
मृतस्य
मृत का
च
भी
तस्मात्
अतः
अपरिहार्ये
जो अपरिहार्य है उसके
अर्थे
विषय में
न
मत
त्वम्
तुम
शोचितुम्
शोक करने हेतु
अर्हसि
योग्य हो

अनुवाद

जिसने जन्म लिया है, उसकी मृत्यु निश्चित है; और जो मर चुका है, उसका जन्म निश्चित है। अतः अपने अपरिहार्य कर्तव्य के निर्वाह में तुम्हें शोक नहीं करना चाहिए।

तात्पर्य

मनुष्य को अपने जीवन के कर्मों के अनुसार जन्म लेना पड़ता है। और कर्मों के एक कालखण्ड को पूर्ण करके उसे अगले जन्म हेतु मरना पड़ता है। इस प्रकार जन्म-मृत्यु का यह चक्र, बिना मुक्ति के, एक के बाद एक घूमता रहता है। तथापि जन्म-मृत्यु का यह चक्र अनावश्यक हत्या, संहार तथा युद्ध का समर्थन नहीं करता। किन्तु साथ ही, विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु हिंसा तथा युद्ध मानव-समाज में अनिवार्य तत्त्व हैं।

कुरुक्षेत्र का युद्ध, परमेश्वर की इच्छा होने के कारण, एक अनिवार्य घटना थी, और न्यायसंगत पक्ष की ओर से युद्ध करना क्षत्रिय का कर्तव्य है। जब वह अपने उचित कर्तव्य का निर्वाह कर रहा था, तब अपने सम्बन्धियों की मृत्यु से वह क्यों भयभीत अथवा शोकाकुल हो? वह न्याय के विधान को भंग करने और इस प्रकार उन पापकर्मों के फलों का भागी बनने योग्य नहीं था, जिनसे वह इतना भयभीत था। अपने उचित कर्तव्य के निर्वाह से विमुख होकर वह न तो अपने सम्बन्धियों की मृत्यु रोक पाता, और कर्म के मिथ्या मार्ग के चयन के कारण वह पतित भी हो जाता।

यह श्लोक क्या सिखाता है

जन्म और मृत्यु अवश्यंभावी हैं। शाश्वत आत्मा के लिए शोक करने की आवश्यकता नहीं।

विषय
मृत्यु
जीवन में गीता
शोकमृत्यु और वियोग
विषय-संकलनों में 1

मृत्यु

  • जो जन्म लेता है, उसकी मृत्यु निश्चित है (2.27 जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्...)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2
इस श्लोक पर लेख 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।