भगवद्गीता 3.26

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

न बुद्धिभेदं जनयेदज्ञानां कर्मसङ्गिनाम् ।
जोषयेत्सर्वकर्माणि विद्वान्युक्तः समाचरन् ॥२६॥

na buddhi-bhedaṁ janayed
ajñānāṁ karma-saṅginām
joṣayet sarva-karmāṇi
vidvān yuktaḥ samācaran

शब्दार्थ

न
नहीं
बुद्धि-भेदम्
बुद्धि में विक्षोभ
जनयेत्
उत्पन्न करे
अज्ञानाम्
अज्ञानियों की
कर्म-संगिनाम्
सकाम कर्म में आसक्त
जोषयेत्
प्रवृत्त करे
सर्व
समस्त
कर्माणि
कर्म
विद्वान्
विद्वान
युक्तः
संलग्न
समाचरन्
आचरण करते हुए

अनुवाद

विद्वान को चाहिए कि वह सकाम कर्म में आसक्त अज्ञानियों की बुद्धि में विक्षोभ उत्पन्न न करे। उन्हें कर्म से विरत होने के लिए नहीं, अपितु भक्ति-भाव से कर्म में संलग्न होने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

गीता में परिभाषित

विद्वान

वास्तव में विद्वान कौन है?

जिसका प्रत्येक कर्म इन्द्रियतृप्ति की इच्छा से रहित होता है, वह पूर्ण ज्ञान में स्थित समझा जाता है। मनीषीगण उसे ऐसा कर्ता कहते हैं जिसका सकाम कर्म पूर्ण ज्ञान की अग्नि में जल चुका है।

भगवद्गीता 4.19

परिभाषा देखें

ज्ञान

ज्ञान क्या है?

विनम्रता, निरभिमानता, अहिंसा, सहनशीलता, सरलता, प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु की शरण ग्रहण करना, स्वच्छता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम; इन्द्रियतृप्ति के विषयों का त्याग, मिथ्या अहंकार का अभाव, जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा रोग के दोष का अवलोकन; सन्तान, पत्नी, घर आदि के प्रति अनासक्ति, तथा सुखद एवं अप्रिय घटनाओं के बीच समभाव; मेरे प्रति निरन्तर तथा अनन्य भक्ति, एकान्त स्थानों का आश्रय, सामान्य जन-समूह से विरक्ति; आत्म-साक्षात्कार के महत्त्व को स्वीकार करना, तथा परम सत्य की दार्शनिक खोज—इन सबको मैं इस प्रकार ज्ञान घोषित करता हूँ, और जो इनके विपरीत है, वह अज्ञान है।

भगवद्गीता 13.8–12

परिभाषा देखें

तात्पर्य

वेदैश्च सर्वैरहमेव वेद्यः: समस्त वैदिक कर्मकाण्डों का यही अन्तिम उद्देश्य है। समस्त कर्मकाण्ड, समस्त यज्ञ-सम्पादन, और जो कुछ भी वेदों में निहित है — भौतिक कर्मों के समस्त निर्देशों सहित — श्रीकृष्ण को समझने के लिए ही है, जो जीवन का परम लक्ष्य हैं। किन्तु चूँकि बद्ध आत्माएँ इन्द्रियतृप्ति से परे कुछ नहीं जानतीं, इसलिए वे उसी उद्देश्य से वेदों का अध्ययन करती हैं। तथापि इन्द्रिय-नियमन के द्वारा मनुष्य क्रमशः कृष्णभावनामृत तक उन्नत होता है। अतएव कृष्णभावनामृत में स्थित साक्षात्कारी आत्मा को दूसरों के कर्मों अथवा उनकी समझ में विक्षोभ उत्पन्न नहीं करना चाहिए, अपितु उसे यह दिखाते हुए कर्म करना चाहिए कि समस्त कर्म के फल किस प्रकार श्रीकृष्ण की सेवा में समर्पित किए जा सकते हैं। विद्वान कृष्णभावनाभावित व्यक्ति इस प्रकार कर्म कर सकता है कि इन्द्रियतृप्ति हेतु कर्मरत अज्ञानी व्यक्ति यह सीख सके कि किस प्रकार कर्म किया जाए और किस प्रकार आचरण किया जाए। यद्यपि अज्ञानी मनुष्य को उसके कर्मों में विक्षुब्ध नहीं किया जाना चाहिए, फिर भी थोड़ा-सा विकसित कृष्णभावनाभावित व्यक्ति अन्य वैदिक विधि-सूत्रों की प्रतीक्षा किए बिना प्रत्यक्षतः भगवान् की सेवा में संलग्न हो सकता है। ऐसे भाग्यशाली मनुष्य के लिए वैदिक कर्मकाण्डों का पालन करने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि प्रत्यक्ष कृष्णभावनामृत में मनुष्य किसी विशेष व्यक्ति के विहित कर्तव्यों का पालन मात्र करके समस्त फल प्राप्त कर सकता है।

यह श्लोक क्या सिखाता है

कर्मयोगी अनासक्त भाव से कर्म करता है और स्वयं को कर्ता मानने वाले अज्ञानी लोगों को विचलित नहीं करता।

श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।