भगवद्गीता 5.10

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

ब्रह्मण्याधाय कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा करोति यः ।
लिप्यते न स पापेन पद्मपत्रमिवाम्भसा ॥१०॥

brahmaṇy ādhāya karmāṇi
saṅgaṁ tyaktvā karoti yaḥ
lipyate na sa pāpena
padma-patram ivāmbhasā

शब्दार्थ

ब्रह्मणि
पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को
आधाय
अर्पित करके
कर्माणि
समस्त कर्म
सङ्गम्
आसक्ति
त्यक्त्वा
त्यागकर
करोति
करता है
यः
जो
लिप्यते
प्रभावित होता है
न
कभी नहीं
सः
वह
पापेन
पाप से
पद्म-पत्रम्
कमल का पत्ता
इव
के समान
अम्भसा
जल में

अनुवाद

जो अपना कर्तव्य आसक्ति-रहित होकर, फल को परमेश्वर को अर्पित करते हुए करता है, वह पापमय कर्म से उसी प्रकार प्रभावित नहीं होता, जिस प्रकार कमल का पत्ता जल से अछूता रहता है।

तात्पर्य

इस तात्पर्य में उल्लिखित अन्य शास्त्र: ईशोपनिषद्

यहाँ ब्रह्मणि का अर्थ है कृष्णभावनामृत में। भौतिक जगत् भौतिक प्रकृति के तीन गुणों का समष्टि-प्रकटीकरण है, जिसे तकनीकी रूप से प्रधान कहते हैं। वैदिक मन्त्र—sarvam etad brahma, tasmād etad brahma nāma-rūpam annaṁ ca jāyate, तथा भगवद्गीता में mama yonir mahad brahma—यह संकेत करते हैं कि भौतिक जगत् में सब कुछ ब्रह्म का ही प्रकटीकरण है; और यद्यपि कार्य भिन्न-भिन्न रूप में प्रकट होते हैं, फिर भी वे कारण से अभिन्न हैं। ईशोपनिषद् में कहा गया है कि सब कुछ परब्रह्म अर्थात् श्रीकृष्ण से सम्बन्धित है, और इस प्रकार सब कुछ केवल उन्हीं का है। जो भली-भाँति जानता है कि सब कुछ श्रीकृष्ण का है, कि वे सब कुछ के स्वामी हैं और इसलिए सब कुछ भगवान् की सेवा में संलग्न है, उसका स्वभावतः अपने कर्मफलों से कोई सरोकार नहीं रहता, चाहे वे पुण्यमय हों या पापमय। यहाँ तक कि मनुष्य का भौतिक शरीर भी, जो किसी विशिष्ट प्रकार के कर्म को सम्पन्न करने हेतु भगवान् का उपहार है, कृष्णभावनामृत में संलग्न किया जा सकता है। वह पापमय प्रतिक्रियाओं के संदूषण से परे रहता है, ठीक उसी प्रकार जैसे कमल का पत्ता जल में रहते हुए भी भीगता नहीं। भगवान् गीता में यह भी कहते हैं : mayi sarvāṇi karmāṇi sannyasya: "समस्त कर्म मुझे [श्रीकृष्ण को] अर्पित कर दो।" निष्कर्ष यह है कि कृष्णभावनामृत-रहित व्यक्ति भौतिक शरीर तथा इन्द्रियों की धारणा के अनुसार कर्म करता है, किन्तु कृष्णभावनामृत में स्थित व्यक्ति इस ज्ञान के अनुसार कर्म करता है कि शरीर श्रीकृष्ण की सम्पत्ति है और इसलिए उसे श्रीकृष्ण की सेवा में संलग्न किया जाना चाहिए।

यह श्लोक क्या सिखाता है

योगयुक्त के लक्षण – कभी बंधता नहीं; आत्मसंयमी; कर्ता होकर भी अकर्ता; शुद्धि की इच्छा से अनासक्त भाव से परमेश्वर के लिए कर्म करता है → शांति प्राप्त करता है।

विषय-संकलनों में 1

पाँच विषय

  • जो ज्ञान, त्याग और आत्म-साक्षात्कार के साथ परमेश्वर के लिए कर्म करता है, वही सच्चा योगी है और कर्म से नहीं बँधता (4.41, 5.10, 6.1, 2.39)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 1
इस श्लोक पर लेख 1

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।