भगवद्गीता 9.22

सरल शब्दों में समझें

वक्ता: श्रीकृष्ण

अनन्याश्चिन्तयन्तो मां ये जनाः पर्युपासते ।
तेषां नित्याभियुक्तानां योगक्षेमं वहाम्यहम् ॥२२॥

ananyāś cintayanto māṁ
ye janāḥ paryupāsate
teṣāṁ nityābhiyuktānāṁ
yoga-kṣemaṁ vahāmy aham

शब्दार्थ

अनन्याः
अन्य कोई नहीं
चिन्तयन्तः
एकाग्र होते हुए
माम्
मुझमें
ये
जो
जनाः
व्यक्ति
पर्युपासते
भली-भाँति आराधना करते हैं
तेषाम्
उनकी
नित्य
सदा
अभियुक्तानाम्
भक्ति में स्थिर
योग-क्षेमम्
आवश्यकताएँ
वहामि
वहन करता हूँ
अहम्
मैं

अनुवाद

किन्तु जो मेरे दिव्य रूप का ध्यान करते हुए भक्ति-सहित मेरी आराधना करते हैं—उनके लिए मैं उस वस्तु को वहन करता हूँ जिसका उनमें अभाव है, और जो उनके पास है उसकी रक्षा करता हूँ।

तात्पर्य

जो कृष्णभावनामृत के बिना एक क्षण भी नहीं रह सकता, वह चौबीसों घण्टे श्रीकृष्ण का ही चिन्तन किए बिना नहीं रह सकता, क्योंकि वह श्रवण, कीर्तन, स्मरण, प्रार्थना अर्पित करने, आराधना करने, भगवान् के चरणकमलों की सेवा करने, अन्य सेवाएँ अर्पित करने, सख्य-भाव विकसित करने तथा भगवान् को पूर्णतः आत्मसमर्पण करने द्वारा भक्ति में संलग्न रहता है। ऐसी समस्त क्रियाएँ शुभ तथा आध्यात्मिक शक्तियों से परिपूर्ण होती हैं; वस्तुतः वे भक्त को आत्म-साक्षात्कार में पूर्ण बना देती हैं। तब उसकी एकमात्र इच्छा पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् का सान्निध्य प्राप्त करना रह जाती है। इसी को योग कहते हैं। भगवान् की कृपा से ऐसा भक्त इस भौतिक जीवन-दशा में कभी नहीं लौटता। क्षेम भगवान् की कृपामयी रक्षा की ओर संकेत करता है। भगवान् भक्त को योग द्वारा कृष्णभावनामृत प्राप्त करने में सहायता करते हैं, और जब वह पूर्णतः कृष्णभावनाभावित हो जाता है, तब भगवान् उसकी रक्षा करते हैं कि वह दुःखमय बद्ध जीवन में पुनः न गिरे।

यह श्लोक क्या सिखाता है

अनन्य भक्त के लिए कृष्ण का पूर्ण संरक्षण

विषय-संकलनों में 3

कृष्ण – पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्

  • कृष्ण अपने भक्तों के अभाव की पूर्ति करते हैं और जो उनके पास है उसकी रक्षा करते हैं। (9.22 अनन्याश्चिन्तयन्तो मां...)

भक्ति – सर्वोच्च योग

  • कृष्ण स्वयं भक्त के अभाव की पूर्ति करते हैं और जो उसके पास है उसकी रक्षा करते हैं। (9.22 अनन्याश्चिन्तयन्तो मां...)

सम्पूर्ण गीता में भक्ति

  • कृष्ण अपने शुद्ध भक्तों की रक्षा करते हैं और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं (9.22 अनन्याश्चिन्तयन्तो मां...)
श्रील प्रभुपाद के प्रवचन 2
इस श्लोक पर लेख 2

भगवद्गीता यथारूप — कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद © भक्तिवेदान्त बुक ट्रस्ट इंटरनेशनल।